तुर्की में आए भूकंप में 600 से ज्यादा लोगों की मौत, प्रधानमंत्री मोदी ने की मदद की पेशकश,तबाही के बीच मदद भेजेगा भारत, बचाव दल और मेडिकल टीमें…

तुर्की में आए भूकंप में 600 से ज्यादा लोगों की मौत, प्रधानमंत्री मोदी ने की मदद की पेशकश,तबाही के बीच मदद भेजेगा भारत, बचाव दल और मेडिकल टीमें…

 

नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को तुर्की में आए भयंकर भूकंप में जान-माल के नुकसान पर गहरा दुख व्यक्त किया और सहायता की पेशकश की। तुर्की के राष्ट्रपति रेसेप तईप एर्दोगन के एक ट्वीट के जवाब में मोदी ने कहा, तुर्की में भूकंप के कारण हुए जानमाल के नुकसान के कारण गहरा दुख है। पीड़ित परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। भारत इस दुख की घड़ी में तुर्की के साथ खड़ा है और हरसंभव मदद करने के लिए तैयार है।

अधिकारियों के अनुसार, दोनों देशों की सीमा के पास एक व्यापक क्षेत्र में आए भूकंप में तुर्की और सीरिया में 600 से ज्यादा लोग मारे गए हैं। रिक्टर पैमाने पर भूंकप की तीव्रता 7.8 मापी गई। भूकंप से मरने वाले लोगों की संख्या हर मिनट बढ़ रही है। एजेंसियों ने आशंका जताई है कि शाम तक मरने वाले लोगों की संख्या एक हजार के पार हो सकती है, क्योंकि बचावकर्मी अब भी प्रभावित इलाकों में मलबे में फंसे लोगों की तलाश में जुटे हैं। भूकंप के बाद अस्पताल लोगों से भर गए हैं। बेड्स कम पड़ गए हैं। लोग जमीन पर लेट गए हैं। कई लोग गोद में बच्चा लिए इलाज के लिए अपनी बारी का इंतजार करते नज़र आए।

तुर्की में भूकंप से भारी तबाही के बीच मदद भेजेगा भारत, बचाव दल और मेडिकल टीमें भी जाएंगी

इस उच्चस्तरीय बैठक में कैबिनेट सचिव, गृह मंत्रालय, एनडीएमए, एनडीआरएफ, रक्षा, विदेश मंत्रालय, नागरिक उड्डयन और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालयों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक में बचाव दलों को तुर्की भेजने का निर्णय लिया गया है।

प्रधानमंत्री कार्यालय की तरफ से बताया गया कि विशेष रूप से प्रशिक्षित डॉग स्क्वॉड और आवश्यक उपकरणों के साथ 100 कर्मियों वाली एनडीआरएफ की दो टीमें खोज और बचाव कार्यों के लिए भूकंप प्रभावित क्षेत्र में जाने के लिए तैयार हैं। यही नहीं आवश्यक दवाओं के साथ प्रशिक्षित डॉक्टरों के साथ मेडिकल टीमें भी तैयार की जा रही हैं।

जानकारी के मुताबिक तुर्की गणराज्य की सरकार और अंकारा में भारतीय दूतावास और इस्तांबुल में महावाणिज्य दूतावास के कार्यालय के समन्वय से राहत सामग्री भेजी जाएगी।

गौरतलब है कि दक्षिणपूर्वी तुर्की और सीरिया में सोमवार को तड़के 7.8 तीव्रता के भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए, जिससे कई इमारतें ढह गईं। भूकंप संबंधी घटनाओं में 200 से ज्यादा लोगों की मौत की खबर है और सैकड़ों घायल हो गए हैं। मरने वालों की संख्या बढ़ने की आशंका है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *