तुर्की में आए भूकंप में 600 से ज्यादा लोगों की मौत, प्रधानमंत्री मोदी ने की मदद की पेशकश,तबाही के बीच मदद भेजेगा भारत, बचाव दल और मेडिकल टीमें…
नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को तुर्की में आए भयंकर भूकंप में जान-माल के नुकसान पर गहरा दुख व्यक्त किया और सहायता की पेशकश की। तुर्की के राष्ट्रपति रेसेप तईप एर्दोगन के एक ट्वीट के जवाब में मोदी ने कहा, तुर्की में भूकंप के कारण हुए जानमाल के नुकसान के कारण गहरा दुख है। पीड़ित परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। भारत इस दुख की घड़ी में तुर्की के साथ खड़ा है और हरसंभव मदद करने के लिए तैयार है।
अधिकारियों के अनुसार, दोनों देशों की सीमा के पास एक व्यापक क्षेत्र में आए भूकंप में तुर्की और सीरिया में 600 से ज्यादा लोग मारे गए हैं। रिक्टर पैमाने पर भूंकप की तीव्रता 7.8 मापी गई। भूकंप से मरने वाले लोगों की संख्या हर मिनट बढ़ रही है। एजेंसियों ने आशंका जताई है कि शाम तक मरने वाले लोगों की संख्या एक हजार के पार हो सकती है, क्योंकि बचावकर्मी अब भी प्रभावित इलाकों में मलबे में फंसे लोगों की तलाश में जुटे हैं। भूकंप के बाद अस्पताल लोगों से भर गए हैं। बेड्स कम पड़ गए हैं। लोग जमीन पर लेट गए हैं। कई लोग गोद में बच्चा लिए इलाज के लिए अपनी बारी का इंतजार करते नज़र आए।









