कैप्टन की पंजाब लोक कांग्रेस पार्टी ने जारी की 22 उम्मीदवारों की पहली सूची, जानें किसे कहां से मिला मौका
चंडीगढ़: कांग्रेस पार्टी को अलविदा कहकर अपनी नई पंजाब लोक कांग्रेस पार्टी बनाने वाले पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने 20 फरवरी होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए अपने करीब 22 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। बता दें कि पंजाब लोक कांग्रेस पार्टी इन चुनावों में करीब 38 सीटों पर अपना भाग्य अजमा रही है। जिसके तहत आज कैप्टन अमरिंदर सिंह ने 22 सीटों के लिए उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है।
जानकारी अनुसार कैप्टन अमरिंदर सिंह द्वारा जारी 22 उम्मीदवारों में 2 माझा से, 3 दोआबा और 17 मालवा क्षेत्र से हैं, वहीं पार्टी द्वारा दूसरी लिस्ट भी जल्द जारी करने की संभावना है। प्रत्याशियों की पहली लिस्ट जारी करते हुए कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि जिन लोगों को टिकट दिए गए हैं वे बहुत मजबूत राजनीतिक साख वाले और अपने क्षेत्रों में अच्छा असर रखने वाले लोग हैं। इस लिस्ट में फरजाना आलम खान भी हैं जो शिरोमणि अकाली दल की पूर्व विधायक और पूर्व डी.जी.पी. इजहार आलम खान की पत्नी हैं। वे मालवा के मलेरकोटला से चुनाव लड़ेंगी।
इनके अलावा कैप्टन अमरिंदर सिंह स्वयं इस लिस्ट में हैं जो अपनी उम्मीदवारी अपने गृह क्षेत्र पटियाला शहर से कल ही घोषित कर चुके हैं। कैप्टन व फरजाना आलम के अतिरिक्त मालवा के अन्य प्रमुख उम्मीदवार हैं पटियाला के वर्तमान मेयर संजीव शर्मा उर्फ बिट्टू शर्मा जो पिछले कई वर्षों तक जिला युवक कांग्रेस के अध्यक्ष भी रहे हैं। बिट्टू शर्मा को पटियाला ग्रामीण से लड़ने के लिए अधिकृत किया गया है।
पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व सचिव, पंजाब सहकारी बैंक के भूतपूर्व चेयरमैन और पी.एल.सी. के इंचार्ज महासचिव (संगठन) कमलदीप सैनी खरड़ से चुनाव लड़ेंगे। जिला कांग्रेस कमेटी लुधियाना के पूर्व अध्यक्ष और पी.एल.सी. के वर्तमान जिला अध्यक्ष जगमोहन शर्मा लुधियाना पूर्व से मैदान में उतरेंगे।








Leave a Reply