अब पूर्व मंत्री विजयइंदर सिंगला विजिलेंस की रडार पर, ब्यूरो ने करीबियों को भेजा समन
चंडीगढ़ः पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार पूरी तरह से एक्शन मोड में चल रही है। वहीं, पिछली सरकार में हुए कार्यों की लगातार जांच की जा रही है। इसके चलते अब पूर्व मंत्री विजयइंदर सिंगला विजिलेंस के रडार पर आ गए हैं। जिसके तहत विजयइंदर सिंगला पीडब्ल्यूडी मंत्री रहते अलॉट हुए 5 करोड़ से ज्यादा कीमत के टेंडरों की जांच शुरू हो गई है। इसे लेकर मंत्री के करीबियों को भी पूछताछ के लिए बुलाया है। विजिलेंस को शक है कि इन टेंडरों में कोई गड़बड़ी हुई है। हालांकि इस बारे में अभी विजिलेंस ब्यूरो या पूर्व मंत्री विजयइंदर सिंगला की कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
जानकारी अनुसार, हाई-प्रोफाइल केस होने के कारण इस बात का खुलासा नहीं किया जा रहा है लेकिन विजिलेंस के कुछ अधिकारियों ने इस बात की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि कुछ लोगों को जांच के लिए बुलाया गया है। उनका कहना है कि अभी जांच की जा रही है और इस बारे में अभी कुछ भी कहना ठीक नहीं होगा। बता दें कि गत दिवस एक ठेकेदार ने विजिलेंस टीम को एक चैट सौंपी थी। इस चैट में फंड के लिए पैसे जुटाने की बात कही गई है। इसके आधार पर उस समय जारी हुए टेंडरों की भी जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि पंजाब में 2 पूर्व कांग्रेसी मंत्री साधु सिंह धर्मसोत और भारत भूषण आशु टेंडर घोटाले मामले में जेल में बंद हैं। वहीं संगत सिंह गिलजियां जमानत पर चल रहे हैं। बीते दिन पूर्व वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल के खिलाफ भी शिकायत पहुंची हुई हैं वहीं अब विजीलेंस की रडार पर विजय इंदर सिंगला आ गए हैं।








Leave a Reply