अज्ञात वाहन की चपेट में आने से Bike सवार मुनीम की मौत, धान की लिफ्टिंग करवाने के बाद वापस लौट रहा था घर
फाजिल्काः फाजिल्का- मलोट हाईवे पर गांव चवाड़ियावाली के पास बीती देर रात उस वक्त दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जब यहां तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार मुनीम की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है और अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक मुनीम की पहचान बलविंदर सिंह के तौर पर हुई है।
इस संबंधी जानकारी देते हुए शेलर मुनीम यूनियन के अध्यक्ष साजन गुगलानी ने बताया कि धान का सीजन चल रहा है। जिसकी वजह से लगातार सड़कों पर वाहनों की जहां आवाजाही बढ़ी हुई है और अनाज मंडी में भी दिन-रात काम करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि गांव चाहलावाली का रहने वाला और फाजिल्का की अनाज मंडी में मुनीम का काम करने वाला बलविंदर सिंह देर रात धान की लिफ्टिंग करवाने के बाद बाइक पर सवार होकर अपने घर वापस लौट रहा था। इस दौरान जब वह चवाड़ियावाली के पास पहुंचा तो किसी अज्ञात वाहन के साथ उसकी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयंकर थी कि इस हादसे में मुनीम की मौत हो गई।
शेलर मुनीम यूनियन के अध्यक्ष ने बताया कि फिलहाल, हादसा कैसे हुआ है इसकी अभी तक कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने बताया कि शोक में मुनीम यूनियन द्वारा परचेज़र यूनियन व अन्य यूनियन के साथ मिलकर आज फाजिल्का की अनाज मंडी को मुकम्मल तौर पर बंद करने का ऐलान किया गया है। वहीं, सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।








Leave a Reply