मुख्यमंत्री भगवंत मान ने किया बड़ा ऐलान, पंजाब में बढ़ी हुई बिजली दरों का खर्च उठाएगी पंजाब सरकार

 

चंडीगढ़ : जालंधर लोकसभा उपचुनाव के होते ही पंजाब में बिजली महंगी हो गई है। पंजाब स्टेट इलेक्ट्रिसिटी रेगुलेटरी कमीशन ने वित्तीय वर्ष 2023-24 के नए टैरिफ चार्ज निर्धारित कर दिए हैं। इनके अनुसार पंजाब में 16 मई से बिजली दरें महंगी होंगी।

हालांकि सीएम भगवंत मान ने कहा कि बिजली दरों में वृद्धि का खर्चा सरकार वहन करेगी, आम लोगों पर इसका बोझ नहीं पड़ेगा। CM भगवंत मान ने ट्वीट कर कहा कि बिजली की दरों में बढ़ोतरी का खर्चा पंजाब सरकार देगी। इसका आम लोगों पर कोई बोझ नहीं पड़ेगा। उन्होंने कहा कि 600 यूनिट वाली योजना के एक भी मीटर पर असर नहीं पड़ेगा।

नए टैरिफ के अनुसार, 2 किलोवाट तक लोड वाले उपभोक्ताओं को पहले 100 यूनिट के लिए दर 3.49 रुपए से बढ़ाकर 4.19 रुपए प्रति यूनिट कर दी गई है। इसके साथ ही फिक्स चार्ज भी 35 रुपए से बढ़ाकर 50 रुपए प्रति किलोवाट कर दिए गए हैं। 101 से 300 यूनिट तक दर 5.84 रुपए से बढ़ाकर 6.64 रुपए प्रति यूनिट और 300 से अधिक यूनिट के लिए 7.30 रुपए से बढ़ाकर 7.75 रुपए प्रति यूनिट कर दी गई है।

इसी प्रकार 2 से 7 किलोवाट तक लोड वाले उपभोक्ताओं के लिए पहले 100 यूनिट तक दर 3.74 रुपए की जगह अब 4.44 रुपए होगी। 100 से 300 तक 5.84 रुपए के बजाय 6.64 रुपए प्रति यूनिट, 300 से अधिक के लिए 7.30 रुपए की जगह 7.75 रुपए प्रति यूनिट देने होंगे। इस वर्ग के लिए फिक्स चार्ज 60 से बढ़ाकर 75 रुपए प्रति किलोवाट कर दिए गए हैं। 7 से 50 किलोवाट लोड वाले उपभोक्ताओं के लिए दरें अब पहले 100 यूनिट 4.64 रुपए की जगह 5.34 रुपए प्रति यूनिट, 100 से 300 के लिए 6.50 रुपए की जगह 7.15 रुपए प्रति यूनिट और 300 से अधिक के लिए 7.50 रुपए की जगह 7.75 रुपए प्रति यूनिट होगी। इस वर्ग के लिए फिक्स चार्ज 95 से बढ़ाकर 110 रुपए प्रति किलोवाट कर दिए गए हैं।

वहीं 50 से 100 किलोवाट लोड वाले उपभोक्ताओं के लिए शुल्क 6.43 रुपए की बजाय 6.75 रुपए प्रति यूनिट होंगे। इस श्रेणी के लिए फिक्स चार्ज 115 से बढ़ाकर 130 रुपए प्रति किलोवाट किए गए हैं। 100 किलोवाट से अधिक लोड वाले उपभोक्ताओं के लिए 6.63 की जगह अब 6.96 रुपए प्रति किलोवाट दर होगी और फिक्स चार्ज 125 रुपए से बढ़ाकर 140 रुपए प्रति किलोवाट किए गए हैं।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *