कपूरथला में हुई बड़ी वारदात, होशियारपुर के टैक्सी चालक का कत्ल कर लाश खेतों में फेंकी
कपूरथलाः कपूरथला के अंतर्गत आते गांव अहमदपुर में उस वक्त सनसनी फैल गई जब लोगों ने खेतों में खून से लथपथ एक युवक का शव पड़े देखा। जिसके बाद लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। वहीं हत्यारोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी अनुसार सोमवार सुबह लोगों ने खेतों में एक युवक का शव देखा जिसके बाद उन्होंने थाना सदर कपूरथला की पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही एसपी (डी) जगजीत सिंह सरोया, डीएसपी सब डिवीजन सुरिंद्र सिंह, एसएचओ सदर इंस्पेक्टर विक्रम सिंह तथा सीआईए स्टाफ कपूरथला के इंचार्ज इंस्पेक्टर जरनैल सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक युवक की उम्र 40-45 वर्ष के बीच है और उसके गले सहित शरीर के अन्य भागों में तेजधार हथियारों से वार किये गये थे। पुलिस ने युवक की शिनाख्त के लिए उसकी तस्वीर प्रदेश के विभिन्न पुलिस थानों में भेज दी। जिसके बाद मृतक युवक की पहचान होशियारपुर निवासी बख्शी राम के रूप में हुई है। जोकि टैक्सी चलता था।
मृतक बख्शी राम के परिजनों ने उसके शव की शिनाख्त कर ली है। वहीं पुलिस जांच में सामने आया है कि शनिवार की शाम कुछ व्यक्तियों ने होशियारपुर में बख्शी राम पुत्र भगत राम निवासी होशियारपुर की गाड़ी सुल्तानपुर लोधी जाने के लिए 2500 रुपए किराए पर ली थी तथा टैक्सी स्टैंड के नजदीक सीसीटीवी कैमरे में एक व्यक्ति, महिला व बच्चे के साथ कार में बैठता नजर आया।
मामले की जांच में जुटी पुलिस का मानना है कि निश्चित तौर पर किसी आपराधिक गिरोह ने किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए मृतक चालक का कत्ल कर लाश को गांव अहमदपुर के क्षेत्र में फैंक दिया।








Leave a Reply