मोगा के जमींदार से गैंगस्टर गोल्डी बराड़ के नाम पर मांगी 5 लाख की फिरौती, नहीं देने पर घर पर की ताबड़तोड़ फायरिंग, बाल-बाल बचे परिजन
मोगाः पंजाबी गायक व कांग्रेसी नेता सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में कैनेडा के गैंगस्टर गोल्डी बराड़ का नाम आने के बाद उसके नाम पर पंजाब में विभिन्न जगहों पर फोन कर फिरौती मांगने का सिलसिला अभी भी नहीं थम नहीं रहा है, जिसके चलते लोगों में दहशत पाई जा रही है। वहीं ऐसा ही एक मामला उस वक्त सामने आया जब मोगा के एक जमींदार को गोल्डी बराड़ के नाम पर एक फोन आया और उससे 5 लाख रुपए की फिरौती की मांग की नहीं देने पर आरोपियों ने उसके घर के अंदर प्रवेश करके ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हालांकि इस फायरिंग में किसी तरह का कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। वहीं मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
इस संबंधी जानकारी देते मोगा के जमींदार तरलोचन सिंह ने बताया कि उनको गैंगस्टर गोल्डी बराड़ के नाम पर गत 2 मई को वाट्सएप काल के माध्यम से पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। जमीदार तरलोचन सिंह ने इस धमकी को किसी सिरफिरे की हरकत मानते हुए इस पर ध्यान नहीं दिया था। सोमवार सुबह 4:15 बजे के आसपास घर के बाहर करीब 6 फीट ऊंची दीवार को फांदकर हमलावर अंदर प्रवेश कर गए, सीधे गेट और घर की दीवारों पर फायरिंग की है। त्रिलोचन सिंह के अनुसार करीब 12 से 15 राउंड फायरिंग हुई है।
एसएसपी गुलनीत खुराना का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। तरलोचन सिंह से पुलिस पूछताछ कर रही है। पुलिस जल्द इस मामले की तह तक पहुंच जाएगी। बता दें कि पंजाब में गायक सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड के बाद गैंगस्टरों के नाम पर रंगदारी मांगने का क्रम थम नहीं रहा है। बदमाश कभी गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया तो कभी लारेंस बिश्नोई के नाम पर लोगों को फोन कर धमकाते हैं और रंगदारी की मांग करते हैं।








Leave a Reply