MBD WEB NEWS

ISI के लिए जासूसी करने वाला हेल्थ वर्कर चढ़ा ATS के हत्थे, जानकारी देने के बदले मिलते थे 40 हजार रुपए

 ISI के लिए जासूसी करने वाला हेल्थ वर्कर चढ़ा ATS के हत्थे, जानकारी देने के बदले मिलते थे 40 हजार रुपए

 

 

 

नई दिल्ली : गुजरात आतंकवाद निरोधक दस्ते (ATS) ने कच्छ के सीमावर्ती इलाके से एक पाकिस्तानी जासूस को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार जासूस की पहचान सहदेवसिंह गोहिल के रूप में हुई है, जो इलाके में एक स्वास्थ्यकर्मी के रूप में काम कर रहा था। उस पर भारतीय सीमा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी इकट्ठा कर पाकिस्तान भेजने का आरोप है।

एटीएस सूत्रों के मुताबिक, गोहिल ने गुजरात के कई संवेदनशील इलाकों की जानकारी पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI को साझा की थी। बताया जा रहा है कि जासूसी के बदले उसे पाकिस्तान से प्रति सूचना 40 हजार रुपये मिलते थे। उसके फोन को आगे की जांच के लिए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) भेजा गया है।

ISI एजेंट शहजाद भी ATS के शिकंजे में, फर्जी सिम और पैसों का कर रहा था इंतजाम
एक अन्य बड़ी कार्रवाई में, पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI के लिए जासूसी कर रहे शहजाद नामक एक और एजेंट को गिरफ्तार किया गया है। सूत्रों के अनुसार, रामपुर का रहने वाला शहजाद तीन बार पाकिस्तान और 10 बार दुबई की यात्रा कर चुका है। वह दो बार अपनी पत्नी को भी पाकिस्तान ले गया था।

शुरुआती पूछताछ में खुलासा हुआ है कि शहजाद पहले ड्राइवर था, फिर तस्करी में शामिल हुआ और धीरे-धीरे ISI के लिए जासूसी करने लगा। सूत्रों के मुताबिक, शहजाद ने ISI के कहने पर उसके एजेंटों को फर्जी नामों पर सिम कार्ड दिलवाए और उनके लिए पैसों का इंतजाम भी किया। शहजाद लंबे समय से पाकिस्तानी दूतावास के अधिकारी अहसान उर रहमान उर्फ दानिश के संपर्क में था।

एटीएस सूत्रों के मुताबिक, अब उन सभी लोगों पर एटीएस की रडार है जो शहजाद के संपर्क में थे। इनमें से कई रामपुर के स्थानीय निवासी भी शामिल हैं, जिनकी जांच जारी है।