iPhone बनाने वाली टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स फैक्ट्री में बड़ा हादसा, ETP टैंक में सफाई के दौरान दम घुटने से 3 मजदूरों की मौत
चेन्नई : तमिलनाडु के कृष्णागिरी जिले के होसुर स्थित टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स प्राइवेट लिमिटेड (TEPL) के संयंत्र में सोमवार शाम एक दर्दनाक हादसा पेश आया। फैक्ट्री परिसर में स्थित वेस्टवाटर यानी एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट (ETP) के टैंक की सफाई करने उतरे तीन संविदा (कॉन्ट्रैक्ट) कर्मचारियों की जहरीली गैस की चपेट में आने और दम घुटने से मौके पर ही मौत हो गई। एप्पल के आईफोन के पुर्जे और असेंबलिंग करने वाली इस हाई-प्रोफाइल फैक्ट्री में हुए इस गंभीर हादसे के बाद औद्योगिक सुरक्षा और मजदूर कल्याण के मानकों को लेकर हड़कंप मच गया है।
ईटीपी टैंक से कीचड़ और गाद निकालते समय हुआ हादसा, बेहोश होकर गिरे मजदूर
यह दर्दनाक घटना उस वक्त हुई जब तीनों मजदूर ईटीपी प्लांट के गहरे टैंक के भीतर जमा कीचड़, गाद और रासायनिक अपशिष्ट को साफ करने के लिए नीचे उतरे थे। प्रत्यक्षदर्शियों और प्रारंभिक जांच के मुताबिक, टैंक के भीतर ऑक्सीजन की भारी कमी थी और लंबे समय से बंद रहने के कारण वहां अत्यधिक जहरीली गैसों का जमावड़ा हो चुका था। जैसे ही मजदूर नीचे पहुंचे, वे जहरीली गैस के सीधे संपर्क में आ गए और उनका दम घुटने लगा। कुछ ही पलों में तीनों बेहोश होकर टैंक के भीतर ही गिर पड़े।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही तोड़ा दम, तीनों मृतकों की हुई शिनाख्त
टैंक के बाहर मौजूद अन्य कर्मियों ने जब कोई हलचल नहीं देखी, तो आनन-फानन में बचाव अभियान शुरू किया गया और तीनों को अचेत अवस्था में बाहर निकालकर होसुर के नजदीकी निजी अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, अस्पताल के डॉक्टरों ने जांच के उपरांत तीनों मजदूरों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की शिनाख्त होसुर निवासी 30 वर्षीय कावेरी, धर्मपुरी जिले के 28 वर्षीय बी. अकमल और धर्मपुरी के ही रहने वाले 28 वर्षीय एम. सारथी कुमार के रूप में की गई है। पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए कृष्णागिरी के सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है।
नाल्को कंपनी के जरिए कॉन्ट्रैक्ट पर रखे गए थे कर्मचारी, कलेक्टर ने दिए जांच के आदेश
प्रशासनिक पड़ताल में सामने आया है कि ये तीनों मजदूर टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स द्वारा सीधे भर्ती नहीं किए गए थे, बल्कि इन्हें आउटसोर्सिंग एजेंसी ‘नाल्को’ कंपनी के माध्यम से सफाई कार्य के लिए ठेके पर रखा गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए कृष्णागिरी के जिला कलेक्टर सी. दिनेश कुमार ने प्रशासनिक अमले के साथ मौके पर पहुंचकर प्लांट का मुआयना किया। जिला कलेक्टर ने पुष्टि की कि तीनों मजदूरों की जान ईटीपी टैंक के भीतर दम घुटने की वजह से गई है। उन्होंने मामले की उच्चस्तरीय जांच के आदेश जारी करते हुए कहा कि फैक्ट्री प्रबंधन द्वारा अपनाए जा रहे सुरक्षा उपकरणों, गैस डिटेक्टर और बचाव प्रोटोकॉल की गहनता से पड़ताल की जा रही है। इस बीच, टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स प्रबंधन की तरफ से इस हादसे को लेकर अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
मजदूरों की सुरक्षा और सम्मान सर्वोपरि, दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई: राज्य मंत्री
हादसे पर गहरा शोक जताते हुए राज्य मंत्री विरुधाई मगल कीर्तना ने कहा कि होसुर की टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स यूनिट में तीन अनमोल जिंदगियों का जाना बेहद पीड़ादायक और झकझोर देने वाला है। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन को पीड़ित परिवारों को त्वरित राहत और हर संभव प्रशासनिक सहायता मुहैया कराने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। मंत्री ने दो टूक कहा कि हर श्रमिक की सुरक्षा, गरिमा और जीवन की रक्षा सरकार की पहली प्राथमिकता है। घटना की व्यापक और निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और सुरक्षा में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह की जानलेवा घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।









