MBD WEB NEWS

HC में सहमति से बना रास्ता; श्रद्धालुओं की भागीदारी के साथ जल्द गठित होगा श्राइन बोर्ड

 HC में सहमति से बना रास्ता; श्रद्धालुओं की भागीदारी के साथ जल्द गठित होगा श्राइन बोर्ड

 

 

चुलकाना धाम के प्राचीन श्री श्याम मंदिर के संचालन को लेकर लंबे विवाद का समाधान,याचिकाकर्ता संस्था को भी प्रतिनिधित्व

चंडीगढ़ : हरियाणा के पानीपत जिले स्थित चुलकाना धाम के प्राचीन श्री श्याम मंदिर के प्रबंधन को लेकर चल रहा विवाद गुरुवार को पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट में सौहार्दपूर्ण समाधान के साथ समाप्त हो गया। जस्टिस जगमोहन बंसल की अदालत में सुनवाई के दौरान हरियाणा सरकार ने स्पष्ट किया कि मंदिर के प्रबंधन और प्रशासनिक व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने के लिए श्राइन बोर्ड का गठन किया जाएगा, जिसमें याचिकाकर्ता संस्था ‘श्री श्याम मंदिर सेवा समिति’ का भी एक प्रतिनिधि शामिल होगा। इस सहमति के बाद अदालत ने याचिका का निस्तारण करते हुए सरकार से बोर्ड का गठन शीघ्र करने की अपेक्षा जताई। मामला उस समय अदालत पहुंचा था जब 13 जनवरी 2025 को जारी एक सरकारी आदेश के माध्यम से राज्य ने प्राचीन श्री श्याम मंदिर, समालखा, जिला पानीपत के प्रबंधन के लिए श्राइन बोर्ड गठित करने की मंशा जाहिर की थी। इस निर्णय को चुनौती देते हुए ‘श्री श्याम मंदिर सेवा समिति, रजिस्टर्ड, चुलकाना धाम’ ने याचिका दायर कर इसे निरस्त करने की मांग की थी। समिति की आशंका थी कि पारंपरिक प्रबंधन व्यवस्था और स्थानीय सहभागिता प्रभावित हो सकती है। सुनवाई के दौरान हरियाणा के महाधिवक्ता की ओर से अदालत को बताया गया कि विवाद अब आपसी सहमति से सुलझा लिया गया है। सरकार ने आश्वासन दिया कि मंदिर के सुचारु संचालन के लिए श्राइन बोर्ड बनेगा, लेकिन इसमें याचिकाकर्ता संस्था की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। याचिकाकर्ता और निजी पक्षों ने भी इस व्यवस्था पर सहमति व्यक्त की।अदालत ने दोनों पक्षों की सहमति को रिकॉर्ड पर लेते हुए कहा कि जब विवाद का समाधान सौहार्दपूर्ण तरीके से निकल आया है तो याचिका का निपटारा किया जाता है। साथ ही कोर्ट ने विश्वास व्यक्त किया कि राज्य सरकार श्राइन बोर्ड का गठन शीघ्र करेगी ताकि मंदिर प्रबंधन को लेकर भविष्य में किसी प्रकार की प्रशासनिक अस्पष्टता न रहे।