MBD WEB NEWS

 BJP नेता मनोरंजन कालिया एक कार्यक्रम में हुए बेहोश; आनन-फानन में करवाया गया अस्पताल में भर्ती

 BJP नेता मनोरंजन कालिया एक कार्यक्रम में हुए बेहोश; आनन-फानन में करवाया गया अस्पताल में भर्ती

 

 

जालंधर : पंजाब भारतीय जनता पार्टी (BJP) के वरिष्ठ नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री मनोरंजन कालिया की बुधवार को अचानक तबीयत बिगड़ गई। जालंधर में आयोजित एक हाई-प्रोफाइल कार्यक्रम के दौरान वे अचानक बेहोश होकर गिर पड़े, जिससे वहां मौजूद नेताओं और कार्यकर्ताओं में भारी अफरातफरी मच गई। आनन-फानन में वहां तैनात सुरक्षाकर्मियों और भाजपा नेताओं ने उन्हें संभाला और तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले गए। फिलहाल डॉक्टरों की एक टीम उनकी गहन जांच कर रही है और उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

शुरुआती जानकारी के अनुसार, जालंधर में केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के रेलवे ओवरब्रिज (ROB) के उद्घाटन का एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया गया था। बताया जा रहा है कि पूर्व मंत्री मनोरंजन कालिया को एक दिन पहले से ही तेज बुखार था और उनकी तबीयत बिल्कुल ठीक नहीं थी। इसके बावजूद, चूंकि कार्यक्रम केंद्रीय राज्य मंत्री का था, इसलिए वे पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ वहां शिरकत करने पहुंच गए थे। वह कार्यक्रम स्थल पर रवनीत बिट्टू के पहुंचने का इंतजार कर रहे थे, तभी अचानक उनकी हालत बिगड़ गई।

मेडिकल जानकारी और मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक, कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री का इंतजार करने के दौरान मनोरंजन कालिया के शरीर में अचानक सोडियम का लेवल काफी कम हो गया। सोडियम की भारी कमी के चलते उनका ब्लड प्रेशर (BP) तेजी से नीचे गिर गया, जिसकी वजह से उन्हें चक्कर आया और वे सबके सामने अचेत होकर गिर पड़े। इस अप्रत्याशित घटना से कार्यक्रम स्थल पर कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया। फिलहाल अस्पताल में उनका इलाज जारी है और डॉक्टर उनके सभी जरूरी टेस्ट कर रहे हैं ताकि उनकी सेहत में जल्द सुधार हो सके।