फरीदकोट- पंजाब के फरीदकोट जिले से एक बेहद अमानवीय घटना सामने आई है, जहां एक लेडी एएसआई ने अपनी ही 5 वर्षीय पोती के साथ क्रूरता की सारी हदें पार कर दीं। आरोप है कि महिला पुलिसकर्मी ने बच्ची के हाथ-पैर बांधकर उसे घर के बाहर गेट से बांध दिया और घंटों तक तेज धूप में तड़पने के लिए छोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, बच्ची दादी की बात नहीं मान रही थी, जिससे नाराज होकर उसने यह कठोर सजा दी। आरोपी लेडी एएसआई सरबजीत कौर थाना सदर में महिला मित्र के रूप में तैनात बताई जा रही है। घटना का वीडियो जैसे ही सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, पुलिस प्रशासन तुरंत सक्रिय हो गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फरीदकोट की एसएसपी डॉ. प्रज्ञा जैन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी एएसआई को निलंबित कर दिया है।
माता-पिता विदेश में, दादी कर रही थी देखभाल
डीएसपी तरलोचन सिंह के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बच्ची के माता-पिता पुर्तगाल में रह रहे हैं, जबकि उसकी देखभाल दादी ही कर रही थी।
स्थानीय लोगों ने बचाने की कोशिश की
डोगर बस्ती के निवासियों के अनुसार, जब उन्हें घटना का पता चला तो उन्होंने घर का दरवाजा खटखटाया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। लोगों ने बच्ची को छुड़ाने की कोशिश की, लेकिन महिला बाहर आई और बच्ची को अंदर ले गई।
बाल कल्याण समिति ने शुरू की जांच
घटना का वीडियो मोहल्ले के लोगों ने बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया, जिसके बाद इलाके में भारी रोष फैल गया। लोगों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं, बाल कल्याण समिति ने भी मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
डीएसपी बोले—बच्चे के साथ क्रूरता अस्वीकार्य
डीएसपी तरलोचन सिंह ने कहा कि इस मामले को बाल कल्याण समिति को सौंप दिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बच्चे के साथ इस तरह का व्यवहार बिल्कुल अस्वीकार्य है और दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।











