कर्मचारियों को ले जा रही बस पलटी, 12 लोगों की मौत और 16 घायल
तेहरान- पश्चिमी ईरान में इराक की सीमा के पास एक भीषण सड़क हादसे में 12 लोगों की मौत हो गई, जबकि 16 अन्य घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ, जब तेल और गैस परियोजना में काम करने वाले कर्मचारियों को लेकर जा रही एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई। अधिकारियों ने आशंका जताई है कि गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों की हालत को देखते हुए मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।
ईरानी सरकारी मीडिया के अनुसार, यह दुर्घटना शनिवार शाम इलाम प्रांत में देहलोरन के पास दश्त अब्बास-मुर्मुरी सड़क पर हुई। बस ‘देहलोरन एनजीएल 3100’ तेल एवं गैस परियोजना में कार्यरत कर्मचारियों को लेकर जा रही थी। स्थानीय समयानुसार शाम करीब 7:25 बजे बस अचानक पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहत एवं बचाव दल ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
इस्लामिक रिपब्लिक न्यूज एजेंसी (आईआरएनए) ने रविवार को बताया कि हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 12 हो गई है। इससे पहले प्रांतीय अधिकारियों ने नौ लोगों की मौत की पुष्टि की थी। दुर्घटना में घायल 16 लोगों का अस्पतालों में उपचार चल रहा है।
राष्ट्रपति ने दिए तत्काल उपचार के निर्देश
ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान ने हादसे पर संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को घायलों को तत्काल और बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। हादसे में जान गंवाने वाले कई लोग अब्दानन क्षेत्र के निवासी थे। घटना के बाद इलाम प्रांत में एक दिन और अब्दानन में दो दिन के सार्वजनिक शोक की घोषणा की गई है।
लापरवाही मिलने पर होगी सख्त कार्रवाई
ईरानी स्टूडेंट्स न्यूज एजेंसी (आईएसएनए) के मुताबिक, अब्दानन के अभियोजक अमरोल्लाह मिसाई ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। इसमें हादसे के पीछे जिम्मेदार परिस्थितियों, संभावित लापरवाही और सुरक्षा नियमों के उल्लंघन की पड़ताल की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी व्यक्ति या संबंधित संस्था की गलती सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ बिना किसी रियायत के सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी










