MBD WEB NEWS

 जानें किस जगह 192 यात्रियों की अटकी सांसें, उड़ान भरते ही इंडिगो के विमान का लैंडिंग गियर हुआ खराब, करवानी पड़ी इमरजेंसी लैंडिंग

 जानें किस जगह 192 यात्रियों की अटकी सांसें, उड़ान भरते ही इंडिगो के विमान का लैंडिंग गियर हुआ खराब, करवानी पड़ी इमरजेंसी लैंडिंग

 

पुणे- पुणे से गुवाहाटी जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट में टेकऑफ के कुछ ही देर बाद तकनीकी खराबी आ गई। विमान का लैंडिंग गियर ऊपर नहीं उठने के कारण पायलट को वापस पुणे एयरपोर्ट लौटना पड़ा। विमान में यात्रियों और क्रू मेंबर्स सहित कुल 192 लोग सवार थे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए भारतीय वायुसेना ने फुल इमरजेंसी घोषित कर दी। हालांकि, पायलट की सूझबूझ और एयरपोर्ट प्रशासन की तत्परता से विमान को सुबह 9:04 बजे सुरक्षित उतार लिया गया। इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

जानकारी के अनुसार, इंडिगो की फ्लाइट 6ई 0623 (वीटी-आईजेडई) पुणे से गुवाहाटी के लिए रवाना हुई थी। उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद विमान का अंडरकैरेज यानी लैंडिंग गियर ऊपर नहीं उठा और बाहर की स्थिति में ही फंसा रहा। पायलट ने तत्काल एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) को तकनीकी खराबी की सूचना दी। इसके बाद पुणे एयरपोर्ट प्रशासन, इंडिगो और संबंधित एजेंसियों ने आपातकालीन तैयारियां शुरू कर दीं।

रनवे के ऊपर से गुजारा गया विमान

विमान की सुरक्षित लैंडिंग सुनिश्चित करने के लिए पायलट ने रनवे के ऊपर से लो पास किया, ताकि लैंडिंग गियर की स्थिति का निरीक्षण किया जा सके। इसके बाद विमान को सुरक्षित उतारने का फैसला लिया गया। एयरपोर्ट पर दमकल गाड़ियों, एंबुलेंस और अन्य बचाव दलों को पहले ही तैनात कर दिया गया था।

सुबह 9:04 बजे विमान की सुरक्षित लैंडिंग हुई। इसके बाद तीन दमकल गाड़ियों और दो एंबुलेंस की निगरानी में विमान को बे नंबर-7 तक पहुंचाया गया। विमान की स्थिति सामान्य और सुरक्षित पाए जाने के बाद सुबह 9:10 बजे एटीसी ने फुल इमरजेंसी समाप्त कर दी।

सभी 192 यात्री सुरक्षित

लैंडिंग के बाद विमान में एयरोब्रिज लगाया गया और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस पूरी घटना में किसी यात्री या क्रू मेंबर को चोट नहीं आई। विमान में सवार सभी 192 लोग सुरक्षित हैं।

गुवाहाटी भेजने के लिए वैकल्पिक विमान

तकनीकी खराबी के कारण प्रभावित यात्रियों को गुवाहाटी पहुंचाने के लिए इंडिगो की ओर से वैकल्पिक विमान की व्यवस्था की जा रही है। इसके लिए बेंगलुरु से एक विमान पुणे भेजने की योजना बनाई गई है, जिसके जरिए यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाया जाएगा।

इस पूरे घटनाक्रम के दौरान पुणे एयरपोर्ट प्रशासन, भारतीय वायुसेना, एटीसी, इंडिगो और अन्य आपातकालीन एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय रहा। समय रहते उठाए गए कदमों से एक बड़ा विमान हादसा टल गया।