MBD WEB NEWS

‘मिसाइल-ड्रोन हमलों का वीडियो न बनाएं’, सऊदी अरब में भारतीयों के लिए सख्त एडवाइजरी जारी

‘मिसाइल-ड्रोन हमलों का वीडियो न बनाएं’, सऊदी अरब में भारतीयों के लिए सख्त एडवाइजरी जारी

 

नई दिल्ली : यमन के हूती विद्रोहियों द्वारा सऊदी अरब पर किए जा रहे लगातार मिसाइल और ड्रोन हमलों के बीच भारत सरकार ने सऊदी में रह रहे अपने नागरिकों के लिए सख्त सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है। रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने रविवार को आधिकारिक बयान जारी कर वहां मौजूद भारतीय समुदाय को स्थानीय कानूनों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए हैं। दूतावास ने नागरिकों को स्पष्ट चेतावनी दी है कि वे मिसाइल या ड्रोन हमलों, उनके इंटरसेप्शन (हवा में रोके जाने) और प्रभावित इलाकों से जुड़े वीडियो, तस्वीरें या किसी भी प्रकार की संवेदनशील जानकारी सोशल मीडिया पर बिल्कुल साझा न करें।

हमले का वीडियो बनाना या पोस्ट करना कानूनी अपराध, होगी सख्त कार्रवाई
सऊदी नागरिक सुरक्षा निदेशालय (Civil Defense Directorate) द्वारा जारी आधिकारिक अधिसूचना को साझा करते हुए भारतीय दूतावास ने भारतीयों से स्थानीय नियमों का सम्मान करने का अनुरोध किया है। सऊदी प्रशासन ने साफ किया है कि सुरक्षा बलों की जवाबी कार्रवाई, मिसाइलों को गिराए जाने के दृश्यों अथवा क्षतिग्रस्त स्थलों की तस्वीरें या वीडियो बनाना और उन्हें किसी भी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर वायरल करना कानूनन गंभीर अपराध है। ऐसा करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सऊदी कानून के तहत सख्त दंडात्मक कार्रवाई और कानूनी प्रक्रिया अमल में लाई जाएगी।

7 नवंबर तक रियाद व दम्माम की उड़ानें रद्द, जेद्दा सेवा 31 अक्टूबर तक स्थगित
हवाई क्षेत्र की सुरक्षा और बिगड़े हालात के चलते विमानन सेवाओं पर व्यापक असर पड़ा है। भारतीय दूतावास ने उड़ानों के रद होने और संशोधित शेड्यूल का ब्योरा देते हुए बताया कि एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस की रियाद तथा दम्माम से आने-जाने वाली सभी उड़ानें 7 नवंबर तक निलंबित रहेंगी। इसके अलावा जेद्दा रूट की उड़ानों को भी 31 अक्टूबर तक के लिए स्थगित कर दिया गया है। हालांकि, गल्फ न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, रियाद स्थित किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट घरेलू और चुनिंदा अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का संचालन धीरे-धीरे सामान्य करने की तैयारी में जुटा हुआ है। सऊदी सैन्य गठबंधन के अनुसार, एयर डिफेंस सिस्टम ने रियाद की तरफ दागी गई एक बैलिस्टिक मिसाइल को आसमान में ही मार गिराया है।

जेद्दा-मक्का में 24×7 कंट्रोल रूम सक्रिय, वीजा और दवाओं के लिए दूतावास ने संभाला मोर्चा
उड़ानें रद्द होने की वजह से हजारों भारतीय यात्रियों और उमराह श्रद्धालुओं के सामने ठहरने और वीजा खत्म होने का संकट खड़ा हो गया है। जेद्दा स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने बताया कि जेद्दा और मक्का में 24 घंटे काम करने वाले नियंत्रण कक्ष (Control Rooms) लगातार सक्रिय हैं। ये टीमें प्रभावित भारतीय नागरिकों तक भोजन, जरूरी दवाइयां और आपातकालीन सहायता पहुंचाने में जुटी हैं। उड़ानों के निलंबन के कारण वीजा वैधता समाप्त होने और एग्जिट प्रक्रिया में आ रही जटिलताओं को सुलझाने के लिए भारतीय मिशन सऊदी अरब के हज व उमराह मंत्रालय और विदेश मंत्रालय के साथ लगातार समन्वय बनाए हुए है ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की कानूनी परेशानी न उठानी पड़े।

You Might Be