MBD WEB NEWS

यमन के हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब के रियाद एयरपोर्ट पर दागी  मिसाइल, भारतीय समेत 13 लोगों की मौत

यमन के हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब के रियाद एयरपोर्ट पर दागी  मिसाइल, भारतीय समेत 13 लोगों की मौत

 

सऊदी अरब- यमन के हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब की राजधानी रियाद स्थित एयरपोर्ट को निशाना बनाकर क्षेत्र में तनाव बढ़ा दिया है। शनिवार रात हुए हमले में एक भारतीय नागरिक समेत 13 लोगों की मौत और 300 से अधिक लोगों के घायल होने का दावा किया गया है। इसके बाद सऊदी प्रशासन ने रियाद एयरपोर्ट से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का संचालन रोक दिया। रविवार को घरेलू उड़ानों के लिए इस्तेमाल होने वाले टर्मिनल पर भी हमला होने से हवाई सेवाओं की बहाली को लेकर अनिश्चितता बढ़ गई है। इस हमले में एक पाकिस्तानी नागरिक की भी मौत होने की खबर है।

घरेलू उड़ानों वाले टर्मिनल पर भी हमला

रियाद एयरपोर्ट पर 10 अक्टूबर को हुआ हमला पिछले एक दशक में सऊदी अरब पर हुए सबसे बड़े हमलों में से एक बताया जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के निलंबन के बीच रविवार को टर्मिनल-3 और टर्मिनल-4 को निशाना बनाए जाने की खबर सामने आई। इन टर्मिनलों से घरेलू उड़ानों का संचालन होता है।

एयरपोर्ट पर मौजूद एक यात्री के मुताबिक, रविवार रात करीब 8:30 बजे एक गोला रनवे पर गिरा। यह कई खड़े विमानों के पास गिरा, जिससे वहां आग लग गई। उस समय एक यात्री विमान रनवे पर पार्किंग स्थल की ओर बढ़ रहा था। हमलों के बाद एयरपोर्ट की सुरक्षा बढ़ा दी गई और उड़ानों का संचालन प्रभावित हुआ।

हूती विद्रोहियों ने इन हमलों के पीछे यमन के गृहयुद्ध में सऊदी अरब की भूमिका का विरोध बताया है। विद्रोहियों ने सऊदी अरब के एयरपोर्ट को दोबारा निशाना बनाने की चेतावनी भी दी है।

एयर इंडिया समेत कई एयरलाइंस ने रोकी उड़ानें

सऊदी अरब में बढ़ते सुरक्षा खतरे को देखते हुए एयर इंडिया, फ्लाईदुबई, लुफ्थांसा समूह और पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस समेत कई विमानन कंपनियों ने रियाद तथा सऊदी अरब के अन्य एयरपोर्ट के लिए अपनी उड़ानें रोक दी हैं। इससे यात्रियों की परेशानी बढ़ने के साथ अंतरराष्ट्रीय हवाई यातायात भी प्रभावित हुआ है।

भारत के विदेश मंत्रालय ने रविवार को रियाद एयरपोर्ट पर हुए मिसाइल हमले की निंदा की। मंत्रालय ने कहा कि आम नागरिकों और नागरिक ठिकानों को बार-बार निशाना बनाना स्वीकार्य नहीं है। ऐसे हमले तत्काल बंद होने चाहिए।

भारतीयों के लिए एडवाइजरी जारी

सऊदी अरब स्थित भारतीय दूतावास ने भारतीय नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी कर उन्हें सतर्क रहने की सलाह दी है। दूतावास ने जरूरत पड़ने पर घरों के अंदर रहने और स्थानीय प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करने को कहा है।

इस बीच, क्षेत्र में बढ़ते तनाव और हवाई सेवाओं पर असर के कारण सऊदी अरब जाने और वहां से दूसरे देशों की यात्रा करने वाले यात्रियों को अपनी उड़ानों की स्थिति की जानकारी संबंधित एयरलाइंस से लेने की सलाह दी गई है।