MBD WEB NEWS

नर्मदा में पेट्रोलिंग बोट का इंजन हुआ बंद, तेज बहाव में डूबी नाव; 15 लोग थे सवार

नर्मदा में पेट्रोलिंग बोट का इंजन हुआ बंद, तेज बहाव में डूबी नाव; 15 लोग थे सवार

 

 

जबलपुर- मध्य प्रदेश के जबलपुर में नर्मदा नदी में पेट्रोलिंग के दौरान बड़ा हादसा होते-होते टल गया। गौरीघाट के नर्मदा तट पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा में तैनात होमगार्ड की मोटर बोट अचानक इंजन बंद होने के बाद तेज बहाव में बहने लगी और देखते ही देखते नदी में डूब गई। घटना का लाइव वीडियो भी सामने आया है।

बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त मोटर बोट में होमगार्ड प्रशिक्षुओं और आपदा प्रबंधन टीम के करीब 15 सदस्य सवार थे। इंजन बंद होते ही नाव तेज धार में बहने लगी। नदी का बहाव इतना तेज था कि कुछ ही देर में स्थिति बेहद गंभीर हो गई और नाव सवार लोगों ने मदद के लिए पुकार लगाई।

13 गेट खुले होने से तेज था नर्मदा का बहाव

हादसे के समय बरगी बांध के 13 गेट खुले हुए थे, जिसके चलते नर्मदा नदी का बहाव काफी तेज था। इसी तेज धार में इंजन बंद होने के बाद मोटर बोट नियंत्रण से बाहर हो गई। नाव में सवार सभी लोगों ने लाइफ जैकेट पहन रखी थी, जिससे राहत एवं बचाव कार्य के दौरान उनकी जान बचाने में मदद मिली।

स्थानीय नाविकों ने दिखाई तत्परता

लोगों की मदद की पुकार सुनकर 3-4 स्थानीय नाविक तत्काल अपनी नाव लेकर मौके पर पहुंचे। उन्होंने तेज बहाव के बीच फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने में मदद की। समय रहते स्थानीय नाविकों के पहुंचने से बड़ा हादसा टल गया।

चालक के शराब के नशे में होने का आरोप

घटना के बाद मोटर बोट के चालक की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि हादसे के समय चालक शराब के नशे में था। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। चालक का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है और रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।

बोट की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

नर्मदा में तेज बहाव के बीच सुरक्षा और निगरानी के लिए तैनात पेट्रोलिंग बोट के डूबने की घटना ने व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। शुरुआती तौर पर बोट का इंजन बंद होना हादसे की वजह माना जा रहा है। अब इंजन में आई खराबी, चालक की स्थिति और सुरक्षा मानकों समेत पूरे मामले की जांच की जा रही है।

जिला कमांडेंट होमगार्ड नीरज ठाकुर ने भी घटना को लेकर जानकारी दी है। अधिकारियों की जांच रिपोर्ट के बाद हादसे की वास्तविक वजह सामने आने की उम्मीद है।