यमुना में सेना की मोटर बोट पलटी, एक-दो जवानों के लापता होने की आशंका; रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
चंडीगढ़/शिमला : हरियाणा-हिमाचल सीमा पर हथनीकुंड बैराज क्षेत्र में सेना की एक्सरसाइज के दौरान यमुना नदी में बड़ा हादसा हो गया। बाढ़ बचाव की प्रैक्टिस के दौरान सेना की मोटर बोट नदी के डेंजर जोन में चली गई और तेज बहाव के बीच पलटकर पानी में डूब गई। हादसे के बाद एक से दो जवानों के लापता होने की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही सेना, पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक हथनीकुंड बैराज क्षेत्र में सेना की वन पैरा स्पेशल फोर्स के जवान बाढ़ बचाव से संबंधित अभ्यास कर रहे थे। इसी दौरान मोटर बोट यमुना नदी के तेज बहाव वाले डेंजर जोन में पहुंच गई। तेज धारा के कारण नाव असंतुलित होकर पलट गई और पानी में डूब गई। हादसे के बाद कुछ जवान नदी में फंस गए।
हादसे के बाद तीन जवानों के करीब 600 मीटर तक तैरकर सुरक्षित बाहर निकलने की जानकारी सामने आई है। वहीं, एक जवान के तेज बहाव में बह जाने की सूचना है। कुछ प्रारंभिक जानकारी में एक से दो जवानों के लापता होने की आशंका जताई गई है। हालांकि, हादसे में कुल कितने जवान प्रभावित हुए हैं, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
हादसे की सूचना मिलते ही हरियाणा और उत्तर प्रदेश पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। यमुनानगर एसडीआरएफ समेत अन्य रेस्क्यू टीमों को भी सर्च ऑपरेशन में लगाया गया। काफी प्रयास के बाद सेना की डूबी हुई मोटर बोट को नदी से बाहर निकाल लिया गया। हालांकि, लापता जवान की तलाश अभी भी जारी है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मोटर बोट डेंजर जोन में कैसे पहुंची और हादसे की वास्तविक वजह क्या थी। नदी में तेज बहाव के कारण रेस्क्यू टीमों को भी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। प्रतापनगर पुलिस ने मामले को देश की सुरक्षा से जुड़ा बताते हुए विस्तृत जानकारी देने से इनकार किया है।
अधिकारियों की ओर से हादसे में प्रभावित जवानों की संख्या और लापता जवानों की स्थिति को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। फिलहाल सेना, पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें नदी में सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।









