UGC-NET जून 2026 का रिजल्ट जारी, 4 हजार से ज्यादा अभ्यर्थी JRF के लिए क्वालिफाई; ऐसे चेक करें स्कोरकार्ड
नई दिल्ली : राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने शुक्रवार देर रात UGC-NET जून 2026 का रिजल्ट जारी कर दिया। एजेंसी ने 84 विषयों के लिए आयोजित विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा (NET) के नतीजे घोषित किए हैं। परीक्षा में शामिल 6.07 लाख अभ्यर्थियों में से 97 हजार से अधिक ने पीएचडी में दाखिले के लिए अर्हता हासिल की है, जबकि 4 हजार से अधिक अभ्यर्थी जूनियर रिसर्च फेलोशिप (JRF) के लिए क्वालिफाई हुए हैं।
एनटीए के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, 84 विषयों की परीक्षा में शामिल 6.07 लाख अभ्यर्थियों में से 97 हजार से अधिक उम्मीदवार पीएचडी में प्रवेश के लिए योग्य पाए गए हैं। वहीं, 4 हजार से अधिक अभ्यर्थियों ने जेआरएफ के लिए पात्रता हासिल की है।
उम्मीदवार अपना रिजल्ट और स्कोरकार्ड UGC-NET की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर चेक कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें अपने एप्लीकेशन नंबर और पासवर्ड के जरिए लॉगिन करना होगा। स्कोरकार्ड डाउनलोड करने के साथ उसका प्रिंटआउट भी लिया जा सकता है।
एनटीए ने अंग्रेजी, कॉमर्स और समाजशास्त्र विषयों की परीक्षा का रिजल्ट फिलहाल जारी नहीं किया है। इन विषयों की परीक्षा दोबारा 9 और 10 सितंबर 2026 को आयोजित की जाएगी।
दरअसल, जून में इन विषयों की परीक्षा के दौरान प्रश्नपत्रों में तथ्यात्मक, टाइपिंग, अनुवाद और भाषा संबंधी गलतियां सामने आई थीं। इसके बाद विशेषज्ञ समिति की सिफारिश पर एनटीए ने इन तीनों विषयों की परीक्षा दोबारा कराने का फैसला लिया था।
एनटीए ने स्पष्ट किया है कि अंग्रेजी, कॉमर्स और समाजशास्त्र के अभ्यर्थी यदि अभी अपना UGC-NET जून 2026 स्कोरकार्ड देखने की कोशिश करते हैं, तो उन्हें ‘Invalid Application Number/Password’ का संदेश दिखाई दे सकता है।
एजेंसी के मुताबिक, इन तीनों विषयों के उम्मीदवारों का रिजल्ट और स्कोरकार्ड दोबारा परीक्षा आयोजित होने के बाद ही जारी किया जाएगा। एनटीए ने बताया कि इन विषयों की री-एग्जाम प्रक्रिया सितंबर के दूसरे सप्ताह में पूरी होगी।









