MBD WEB NEWS

पहाड़ी से कूदे बेटे को बचाने में गिरे पिता, आंखों के सामने परिवार उजड़ता देख मां ने भी लगाई छलांग; पूरा परिवार खत्म

पहाड़ी से कूदे बेटे को बचाने में गिरे पिता, आंखों के सामने परिवार उजड़ता देख मां ने भी लगाई छलांग; पूरा परिवार खत्म

 

 

छत्रपति संभाजीनगर : महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर से एक ऐसा खौफनाक और हृदयविदारक मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। यहां एक 18 साल के युवक की आत्महत्या की जिद ने पल भर में पूरे परिवार को हमेशा के लिए खत्म कर दिया। पहाड़ी से छलांग लगा रहे अपने जवान बेटे को बचाने की कोशिश में पिता भी नीचे गिर गए। अपनी आंखों के सामने पति और बेटे को मौत की गहरी खाई में समाते देख, बदहवास मां यह सदमा बर्दाश्त नहीं कर पाई और उसने भी उसी पहाड़ी से कूदकर अपनी जान दे दी।

3 घंटे तक चली मिन्नतें, पर नहीं माना बेटा
जानकारी के अनुसार, दिल दहला देने वाली यह घटना सुबह करीब 10 बजे शुरू हुई। देवलाई इलाके का रहने वाला एक 18 वर्षीय युवक आत्महत्या के इरादे से एक ऊंची पहाड़ी के किनारे पर जाकर खड़ा हो गया और नीचे कूदने की धमकी देने लगा। युवक की इस खौफनाक जिद को देखकर वहां मौजूद उसके माता-पिता, ग्रामीण और मौके पर पहुंची पुलिस भी उसे किनारे से दूर आने के लिए मनाने लगी। माता-पिता ने बेटे को उसके भविष्य का वास्ता दिया और रो-रोकर उसे समझाने की भरपूर कोशिश की, लेकिन वह किसी की बात सुनने को राजी नहीं था और लगातार बस यही कहता रहा कि ‘मैं नीचे कूद जाऊंगा’।

पिता का बिगड़ा संतुलन, फिर मां ने भी दे दी जान
यह सांसें अटका देने वाला ड्रामा करीब तीन घंटे तक चलता रहा। दोपहर करीब 1 बजे जब वह किशोर पहाड़ी के बिल्कुल अंतिम छोर की ओर बढ़ने लगा, तो उसे बचाने के लिए पिता बेतहाशा आगे बढ़े। उन्होंने किनारे पर जाकर अपने बेटे को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन इसी खींचतान में दोनों का संतुलन बिगड़ गया और वे देखते ही देखते पहाड़ी से नीचे खाई में जा गिरे। चंद पलों के भीतर अपने पति और जवान बेटे को यूं अपनी आंखों के सामने खोता हुआ देख मां घबरा गई और उसने भी बदहवासी में पहाड़ी से नीचे छलांग लगा दी।

मां करती रही विनती, लोग बनाते रहे वीडियो
इस पूरी दुखद घटना के दौरान जहां एक तरफ पुलिस और माता-पिता युवक की जान बचाने की हर मुमकिन कोशिश कर रहे थे, वहीं वहां मौजूद कुछ पर्यटक और स्थानीय लोग इस खौफनाक मंजर का तमाशबीन बनकर वीडियो बनाने में लगे हुए थे। मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शी संजय जाधव ने बताया कि माता-पिता और पुलिस ने किशोर को मनाने की बहुत कोशिश की थी। उन्होंने बताया कि मां लगातार रोते हुए अपने बेटे से नीचे न कूदने की विनती कर रही थी, लेकिन उसने किसी की एक न सुनी और किनारे पर खड़ा रहा, जिसका अंत इतना खौफनाक हुआ कि पूरा परिवार ही खत्म हो गया।