MBD WEB NEWS

समंदर के बीच धू-धू कर जलने लगा यात्रियों से भरा जहाज, जान बचाने पानी में कूदे लोग, 5 की मौत और 41 लापता

समंदर के बीच धू-धू कर जलने लगा यात्रियों से भरा जहाज, जान बचाने पानी में कूदे लोग, 5 की मौत और 41 लापता

 

  
 

सुराबाया (उत्तम हिन्दू न्यूज): रविवार की सुबह इंडोनेशिया में एक भयानक समुद्री हादसा लेकर आई। पूर्वी जावा के मदुरा द्वीप के पास बीच समुद्र में एक विशालकाय यात्री जहाज अचानक आग के गोले में तब्दील हो गया। इस खौफनाक हादसे के वक्त ‘KMP मटियारा सेंटोसा 2’ नामक इस फेरी में करीब 250 यात्री और क्रू मेंबर्स सवार थे। आग इतनी भीषण थी कि अपनी जान बचाने के लिए दर्जनों यात्रियों ने उफनते समुद्र में छलांग लगा दी। इस दर्दनाक घटना में अब तक पांच लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 41 लोग अब भी गहरे पानी में लापता हैं, जिनकी तलाश में बड़े पैमाने पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

सुराबाया से मकासर के सफर में बरपा कहर

बचाव दल के अधिकारियों ने बताया कि यह यात्री फेरी सुराबाया के तंजुंग पेराक बंदरगाह से सुलावेसी द्वीप के मकासर शहर के लिए निकली थी। यात्रा शुरू होने के कुछ घंटों बाद ही कप्तान ने जहाज में भीषण आग लगने का आपातकालीन संदेश भेजा। इस सूचना के कुछ ही देर बाद जहाज का रेडियो और नेविगेशन संपर्क पूरी तरह से टूट गया। सुराबाया खोज और बचाव कार्यालय के मुताबिक, यह दुर्घटना सापुदी द्वीप से लगभग 19 समुद्री मील उत्तर में हुई है, जिसके बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।

आग की लपटें देख समुद्र में कूद पड़े दहशतजदा यात्री

सोशल मीडिया पर सामने आए दिल दहला देने वाले वीडियो और चश्मदीदों के बयानों के अनुसार, देखते ही देखते पूरे जहाज को काले धुएं और आग की ऊंची-ऊंची लपटों ने अपनी चपेट में ले लिया। आग से बचने के लिए लाइफ जैकेट पहने यात्री जहाज के अगले हिस्से और ब्रिज की तरफ भागने लगे। जब आग तेजी से बेकाबू होने लगी, तो घबराए हुए दर्जनों यात्रियों ने अपनी जान बचाने की आखिरी उम्मीद में उफनती लहरों के बीच समुद्र में छलांग लगा दी।

राहत और बचाव के लिए भेजे गए कई जहाज

हादसे की गंभीरता को देखते हुए इंडोनेशियाई एजेंसियों ने तुरंत बड़े पैमाने पर मदद भेज दी है। सुराबाया सर्च एंड रेस्क्यू ऑफिस के प्रमुख नानांग सिगिट ने जानकारी दी है कि घटनास्थल के पास से गुजर रहे कमर्शियल जहाजों को तत्काल मदद के लिए मोड़ा गया है। समुद्र में कूदे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए ‘TB Hasnur 26’ और ‘British Mentor’ जैसी नावें और चार बड़े जहाज मौके पर पहुंच चुके हैं। इसके साथ ही मुख्य बचाव पोत ‘SAR 249 Permadi’ को भी रवाना कर दिया गया है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है और मामले की जांच की जा रही है।