जालंधर के देवी तालाब मंदिर में दो गुट हो गए आमने-सामने, पत्थरबाजी से मची भगदड़
जालंधर :आम आदमी पार्टी द्वारा जालंधर नॉर्थ हलके का इंचार्ज नियुक्त किए जाने के बाद मेयर विनीत धीर ने रविवार को शुक्राना यात्रा का आयोजन किया। यात्रा की शुरुआत देवी तालाब मंदिर में माथा टेकने के साथ हुई और यह प्रीत नगर, सोढ़ल रोड होते हुए श्री सोढ़ल मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा में कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत, जिला प्रधान अमृतपाल समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, पार्षद और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल रहे।
जालंधर के प्रसिद्ध मंदिर श्री देवी तालाब मंदिर में रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दो गुटों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। बताया जा रहा है घटना के दौरान शहर के मेयर विनीत धीर भी मंदिर परिसर में मौजूद थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच ईंट-पत्थर चलने लगे, जिससे मंदिर में दर्शन करने आए कई श्रद्धालुओं के भी घायल होने की सूचना है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आशंका जताई जा रही है कि फतेह गैंग और भाना गैंग के सदस्य आमने-सामने आ गए थे। पहले दोनों पक्षों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई। इसके बाद दोनों ओर से एक-दूसरे पर पत्थरबाजी शुरू हो गई, जिससे मंदिर परिसर में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।











