यूक्रेन के ओडेसा पोर्ट पर मर्चेंट शिप बना निशाना, 2 भारतीय नाविक लापता; विदेश मंत्रालय ने जारी की सख्त एडवाइजरी
कीव/नई दिल्ली : रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच काला सागर (Black Sea) के समुद्री क्षेत्र में व्यावसायिक जहाजों पर हमले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। यूक्रेन के प्रमुख बंदरगाह शहर ओडेसा में शनिवार को एक और मालवाहक जहाज ‘MV AGN Ragnar’ हमले का शिकार हो गया। इस मर्चेंट शिप पर चार भारतीय नाविक सवार थे। कीव स्थित भारतीय दूतावास ने रविवार को बयान जारी कर पुष्टि की है कि इन चार में से दो भारतीय नागरिक पूरी तरह सुरक्षित हैं, जबकि लापता हुए बाकी दो नाविकों की तलाश के लिए सघन सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
एक हफ्ते के भीतर दूसरा बड़ा हमला, दूतावास लगातार रख रहा नजर
यूक्रेन स्थित भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर जानकारी देते हुए बताया कि वह स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और स्थानीय अधिकारियों के साथ सीधे संपर्क में है। दूतावास की ओर से आपातकालीन स्थिति के लिए हेल्पलाईन नंबर (+38 0933559958) भी जारी किया गया है। यह घटना इसलिए भी बेहद चिंताजनक है क्योंकि महज एक हफ्ते के भीतर यह दूसरा बड़ा हमला है। इससे पहले 19 जुलाई को ओडेसा पोर्ट से ही रवाना हो रहे मालवाहक जहाज ‘MV Golden Leo’ पर हुए हमले में चार भारतीय नाविकों की जान चली गई थी। उस घटना पर भारत ने कड़ी आपत्ति जताते हुए एक वरिष्ठ रूसी राजनयिक को तलब भी किया था।
विदेश मंत्रालय ने जारी की सख्त एडवाइजरी, नाविकों को सतर्क रहने की चेतावनी
काला सागर में जहाजों पर हो रहे लगातार हमलों में अब तक कम से कम पांच भारतीय नागरिकों की जान जा चुकी है। हालात की गंभीरता को देखते हुए भारत के विदेश मंत्रालय (MEA) ने इस क्षेत्र में काम करने वाले सभी भारतीय नाविकों और मर्चेंट नेवी कर्मियों के लिए एक विस्तृत सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है। विदेश मंत्रालय ने चेतावनी दी है कि अप्रैल महीने से इस क्षेत्र में मिसाइल और ड्रोन हमलों में भारी इजाफा हुआ है, इसलिए जोखिम भरे समुद्री रास्तों से गुजरने वाले जहाज और क्रू मेंबर्स अतिरिक्त सतर्कता बरतें। मंत्रालय ने नाविकों को सलाह दी है कि किसी भी शिपिंग कंपनी या रिक्रूटमेंट एजेंसी के साथ काम शुरू करने से पहले जहाज का रूट, रुकने वाले पोर्ट, बीमा कवर और सुरक्षा इंतजामों की पूरी जानकारी जरूर हासिल कर लें।
मदद के लिए दूतावासों के इमरजेंसी नंबर जारी
काला सागर क्षेत्र में फंसे या किसी भी तरह की सहायता चाहने वाले भारतीय नाविकों और उनके परिजनों के लिए विदेश मंत्रालय ने हेल्पलाइन नंबर उपलब्ध कराए हैं। मदद के लिए मॉस्को (रूस) स्थित भारतीय दूतावास के नंबर +7 9652773414 और कीव (यूक्रेन) स्थित भारतीय दूतावास के नंबर +38 0933559958 पर किसी भी समय संपर्क किया जा सकता है।









