लाहौर में 2 विदेशी महिलाओं से दरिंदगी, पाकिस्तान के डिप्टी PM का करीबी रिश्तेदार गैंगरेप के आरोप में गिरफ्तार
लाहौर : पाकिस्तान के लाहौर से एक बेहद चौंकाने वाला और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश की किरकिरी कराने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां दो विदेशी महिलाओं के साथ हुए अपहरण और सामूहिक दुष्कर्म की खौफनाक वारदात में पुलिस ने चार संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। इस मामले की सबसे बड़ी और चौंकाने वाली बात यह है कि गिरफ्तार किया गया मुख्य आरोपी मोहम्मद रजा डार पाकिस्तान के उप-प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इशाक डार का बेहद करीबी रिश्तेदार है। लाहौर की एक अदालत ने शुक्रवार को मुख्य आरोपी रजा डार समेत उसके तीन अन्य साथियों—हसन रजा, सिकंदर खान और साजिद अली को पांच दिनों की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
स्पेन से आई एक कॉल ने बचाई जान, 5 में से 4 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, पीड़ित महिलाएं नीदरलैंड और वेनेजुएला की नागरिक हैं। 29 जून को लाहौर हवाई अड्डे पर उतरने के बाद पांच लोगों ने कथित तौर पर उनका अपहरण कर लिया और बंधक बनाकर उनके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। महिलाओं की जान तब बची जब उनमें से एक पीड़िता के पिता ने स्पेन से पाकिस्तानी अधिकारियों को आपातकालीन फोन कॉल कर अपनी बेटी की जान खतरे में होने की सूचना दी। इस अंतरराष्ट्रीय इनपुट के बाद हरकत में आई लाहौर पुलिस ने त्वरित छापेमारी कर दोनों महिलाओं को सुरक्षित रेस्क्यू किया। पुलिस ने गुरुवार को पांचों आरोपियों के खिलाफ पाकिस्तान दंड संहिता की धारा 365A (अपहरण) और 375A (सामूहिक दुष्कर्म) के तहत मुकदमा दर्ज कर चार को दबोच लिया है, जबकि पांचवें फरार आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है।
सिंगापुर में हुई थी मुलाकात, क्रिप्टो बिजनेस के बहाने पाकिस्तान बुलाया
जांच में सामने आई एक रिपोर्ट के मुताबिक, पीड़ित महिलाओं और मुख्य आरोपी मोहम्मद रजा डार के बीच पहले से ही व्यावसायिक संबंध थे। महिलाओं ने पुलिस को बताया कि वे रजा डार से अक्टूबर 2025 में सिंगापुर में मिली थीं और वे सभी एक क्रिप्टोकरेंसी वेंचर में बिजनेस पार्टनर थे। इसी व्यापारिक सिलसिले को आगे बढ़ाने के लिए रजा डार ने उन्हें पाकिस्तान आने का न्योता दिया और उनके लिए बिजनेस वीजा का प्रबंध किया। लेकिन 29 जून को लाहौर एयरपोर्ट पर उतरते ही रजा डार और उसके साथी उन्हें होटल ले जाने के बजाय जबरन एक अज्ञात घर में ले गए। वहां आरोपियों ने दरिंदगी की सारी हदें पार करते हुए न केवल सामूहिक दुष्कर्म किया, बल्कि उनकी रिहाई के बदले मोटी फिरौती की मांग भी की। शुक्रवार को कोर्ट में पेशी के दौरान पीड़ितों ने रजा डार की पहचान मुख्य साजिशकर्ता के रूप में की है।
डिप्टी पीएम का नाम जुड़ने से मामला हाई-प्रोफाइल, फूंक-फूंक कर कदम रख रही पुलिस
पाकिस्तान के उप-प्रधानमंत्री इशाक डार का नाम इस मामले से जुड़ने के बाद यह केस बेहद हाई-प्रोफाइल और संवेदनशील हो गया है। इस पूरे घटनाक्रम पर एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने गोपनीयता की शर्त पर बताया, “चूंकि मामला बेहद संवेदनशील है और इसमें देश के उप-प्रधानमंत्री का करीबी रिश्तेदार शामिल है, इसलिए पुलिस इस हाई-प्रोफाइल केस के हर पहलू से बेहद बारीकी और गंभीरता से जांच कर रही है।” सरकार और पुलिस पर अब इस अंतरराष्ट्रीय मामले में निष्पक्ष और सख्त कार्रवाई करने का भारी दबाव है।










