MBD WEB NEWS

अस्थियां विसर्जित करने जा रहे परिजनों पर टूटा कहर, पिकअप-घोड़ा ट्राला की भिड़ंत में 8 की मौत; 15 से अधिक घायल

अस्थियां विसर्जित करने जा रहे परिजनों पर टूटा कहर, पिकअप-घोड़ा ट्राला की भिड़ंत में 8 की मौत; 15 से अधिक घायल

 

 

 

फिरोजपुर : पंजाब के फिरोजपुर जिले में फाजिल्का रोड स्थित जंगा वाले मोड़ के निकट शनिवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में 8 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 15 से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों में कई की हालत गंभीर बनी हुई है। जानकारी के अनुसार पिकअप गाड़ी में सवार लोग अपने एक परिजन की अस्थियां विसर्जित करने जा रहे थे। सुबह जब उनका वाहन जंगा वाले मोड़ के पास पहुंचा, तभी सामने से आ रहे घोड़ा ट्राला से उसकी आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप गाड़ी का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार कई लोग वाहन के अंदर फंस गए। हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को बाहर निकालने में मदद की। इसके बाद एंबुलेंस और अन्य वाहनों की सहायता से सभी घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। सूत्रों के अनुसार कुछ लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।

सिविल अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. निखिल गुप्ता ने बताया कि गंभीर रूप से घायल कई मरीजों को बेहतर इलाज के लिए गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर किया गया है, जबकि अन्य घायलों का उपचार सिविल अस्पताल में जारी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात व्यवस्था बहाल कर दी है। साथ ही मृतकों और घायलों की पहचान करने की प्रक्रिया भी जारी है।