MBD WEB NEWS

 ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ पर चला सरकार का डंडा, भारत में X अकाउंट ब्लॉक

 ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ पर चला सरकार का डंडा, भारत में X अकाउंट ब्लॉक

 

 

नई दिल्ली : सोशल मीडिया पर अपनी तीखी और व्यंग्यात्मक पोस्ट्स से तहलका मचाने वाले संगठन ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ को लेकर एक बड़ी खबर सामने आ रही है। चंद दिनों में ही देश भर में जबरदस्त लोकप्रियता हासिल करने वाले इस सैटायरिकल (व्यंग्यात्मक) राजनीतिक संगठन के आधिकारिक एक्स (पहले ट्विटर) अकाउंट को भारत में पूरी तरह से ब्लॉक यानी प्रतिबंधित कर दिया गया है। इस औचक कार्रवाई के बाद सोशल मीडिया यूजर्स और राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है।

इंस्टाग्राम पर BJP को दे दी थी करारी शिकस्त

‘कॉकरोच जनता पार्टी’ ने पिछले कुछ समय में सोशल मीडिया पर बेहद आक्रामक तरीके से फॉलोअर्स जुटाए थे। खासकर इंस्टाग्राम पर इस पेज का जलवा इस कदर देखने को मिल रहा था कि इसके फॉलोअर्स का आंकड़ा 13 मिलियन (1.3 करोड़) को भी पार कर गया था। हैरानी की बात यह है कि इस व्यंग्यात्मक अकाउंट ने इंस्टाग्राम फॉलोअर्स के मामले में देश की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी ‘भारतीय जनता पार्टी’ (BJP) को भी पीछे छोड़ दिया था। इसी भारी लोकप्रियता के बीच अचानक एक्स अकाउंट पर हुई इस कार्रवाई ने सबको चौंका दिया है।

‘जैसा कि उम्मीद थी…’: संस्थापक अभिजीत दिपके का तीखा तंज

इस बड़ी डिजिटल कार्रवाई की पुष्टि खुद ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के संस्थापक अभिजीत दिपके ने की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक स्क्रीनशॉट साझा करते हुए व्यवस्था पर तीखा तंज कसा। अभिजीत ने लिखा, “जैसा कि पहले से ही उम्मीद थी, कॉकरोच जनता पार्टी का अकाउंट आखिरकार भारत में रोक दिया गया है।”

कानूनी मांग के बाद भारत में ‘Withheld’ हुआ हैंडल

अगर वर्तमान में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उनके आधिकारिक हैंडल @CJP_2029 को सर्च किया जा रहा है, तो वहां स्क्रीन पर ‘Account Withheld’ (अकाउंट रोका गया) का साफ नोटिस दिखाई दे रहा है। माइक्रोब्लॉगिंग साइट एक्स द्वारा जारी इस नोटिस के मुताबिक, इस अकाउंट पर यह कार्रवाई एक आधिकारिक कानूनी मांग (Legal Demand) के जवाब में की गई है, जिसके तहत इस हैंडल को फिलहाल केवल भारत के भौगोलिक क्षेत्र में ही प्रतिबंधित किया गया है।