MBD WEB NEWS

ऑस्ट्रेलिया से 15 भारतीयों को किया जा रहा डिपोर्ट, जिनमें से 11 पंजाबी,  CM भगवंत मान रिसीव करने जाएंगे

ऑस्ट्रेलिया से 15 भारतीयों को किया जा रहा डिपोर्ट, जिनमें से 11 पंजाबी,  CM भगवंत मान रिसीव करने जाएंगे

 

 

चंडीगढ़- ऑस्ट्रेलिया से 15 भारतीय नागरिकों को डिपोर्ट कर भारत भेजा जा रहा है। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बताया कि इनमें 11 लोग पंजाब के हैं, जिनमें एक महिला भी शामिल है। सभी के रात में दिल्ली पहुंचने की उम्मीद है और सीएम खुद उन्हें रिसीव करने के लिए राजधानी जा रहे हैं।

कई राज्यों के लोग सूची में शामिल
सीएम के अनुसार, अब तक जो सूची मिली है उसमें कुल 15 लोगों के नाम हैं—11 पंजाब, 2 तेलंगाना, 1 हरियाणा और 1 उत्तराखंड से संबंधित हैं। फिलहाल सूची में केवल “होम स्टेट” की जानकारी दर्ज है।

डिपोर्टेशन के बाद होगी जांच
भगवंत मान ने कहा कि लौटने वाले लोगों से पूरी जानकारी ली जाएगी—उनके दस्तावेज कैसे बने, किन एजेंटों के जरिए विदेश गए और किन परिस्थितियों में उन्हें डिपोर्ट किया गया। जरूरत पड़ने पर विदेश मंत्रालय से भी संपर्क किया जाएगा। सरकार इस पूरे मामले की गहराई से जांच करेगी।

‘दुख झेलकर लौटे हैं, साथ देंगे’
सीएम ने कहा कि ये लोग डिपोर्टेशन की पीड़ा झेलकर वापस आ रहे हैं, इसलिए सरकार उनका सहयोग करेगी और जरूरी दस्तावेज उपलब्ध कराएगी। उन्होंने कहा, “अगर बच्चा गलती करता है तो उसे घर से नहीं निकाला जाता, बल्कि समझाया जाता है। ये हमारे अपने लोग हैं।”

विदेश में नियम तोड़ने पर कार्रवाई तय
उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि कुछ लोगों पर विदेश में आपराधिक मामले दर्ज हुए हैं। सीएम ने कहा कि किसी भी देश में कानून तोड़ने पर कार्रवाई होना स्वाभाविक है और हमें इसे समझना चाहिए।

एजेंटों की भूमिका की होगी जांच
सरकार इस बात की भी जांच करेगी कि कहीं लोग किसी एजेंट के झांसे में तो नहीं आए। सीएम ने कहा कि हर व्यक्ति बेहतर भविष्य के सपने लेकर विदेश जाता है, लेकिन गलत रास्ते चुनने पर परेशानी खड़ी हो जाती है।

पंजाब में रोजगार बढ़ाने पर जोर
भगवंत मान ने उम्मीद जताई कि भविष्य में ऐसी स्थिति न आए और राज्य में ही रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध हों, ताकि युवाओं को विदेश जाने के लिए मजबूर न होना पड़े। उन्होंने कहा, “ये हमारे ही बेटे-बेटियां हैं, भले ही नाराज़ होकर गए हों, लेकिन हैं अपने ही।”