MBD WEB NEWS

राघव चड्ढा सहित आम आदमी पार्टी के 7 बागी सांसदों की BJP में एंट्री को राज्यसभा सभापति की हरी झंडी, 106 से 113 हुई सांसदों की संख्या

राघव चड्ढा सहित आम आदमी पार्टी के 7 बागी सांसदों की BJP में एंट्री को राज्यसभा सभापति की हरी झंडी, 106 से 113 हुई सांसदों की संख्या

 

 

नई दिल्ली : राज्यसभा में राघव चड्ढा और संदीप पाठक समेत आम आदमी पार्टी के 7 बागी सांसदों के BJP में शामिल होने के प्रस्ताव को राज्यसभा सभापति ने अपनी आधिकारिक मंजूरी दे दी है। राज्यसभा सचिवालय की ओर से इस संबंध में नोटिफिकेशन भी जारी कर दिया गया है, जिसमें अब इन सातों दिग्गज नेताओं का नाम बीजेपी सांसदों की लिस्ट में दर्ज हो गया है।

राज्यसभा में 113 हुई BJP सांसदों की संख्या, ‘आप’ के पास बचे महज 3

आम आदमी पार्टी के इन 7 सांसदों के पाला बदलने के बाद उच्च सदन यानी राज्यसभा में बीजेपी सांसदों का कुनबा बढ़कर 113 हो गया है, जिनमें 5 राष्ट्रपति द्वारा मनोनीत सदस्य भी शामिल हैं। बीजेपी का दामन थामने वाले इन 7 सांसदों में अशोक कुमार मित्तल, राघव चड्ढा, पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह, संदीप कुमार पाठक, विक्रमजीत सिंह साहनी, स्वाति मालीवाल और राजेंद्र गुप्ता के नाम शामिल हैं। शुक्रवार को ही राघव चड्ढा और संदीप पाठक ने बीजेपी में शामिल होने का औपचारिक ऐलान किया था, जिसके बाद बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन ने मिठाई खिलाकर उनका पार्टी में स्वागत किया था। इस ऐतिहासिक उलटफेर के बाद आम आदमी पार्टी के पास राज्यसभा में अब केवल तीन सांसद (संजय सिंह, नारायण दास गुप्ता और संत बलबीर सिंह) ही बचे हैं।

संजय सिंह का फूटा गुस्सा, बागी सांसदों पर कार्रवाई की मांग

सांसदों के इस तरह अचानक दल बदलने पर आम आदमी पार्टी में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। ‘आप’ के वरिष्ठ नेता और सांसद संजय सिंह ने इस पूरी प्रक्रिया पर भड़कते हुए एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। संजय सिंह ने 7 सांसदों के इस तरह आम आदमी पार्टी से अलग होकर बीजेपी में जाने को पूरी तरह से गैर-कानूनी करार दिया है। उन्होंने बीजेपी पर नियमों के खिलाफ जाकर काम करने का आरोप लगाते हुए राघव चड्ढा समेत सभी 7 बागी सांसदों की राज्यसभा सदस्यता तुरंत रद्द करने की मांग उठाई है। हालांकि, ‘आप’ के कड़े विरोध के बावजूद इन सांसदों के बीजेपी में विलय को आधिकारिक मंजूरी मिल चुकी है।

सीएम भगवंत मान ने राघव चड्ढा को बताया ‘गद्दार’

पार्टी में हुई इस बड़ी टूट के बाद आम आदमी पार्टी के नेताओं का गुस्सा सातवें आसमान पर है। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इस बगावत पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए राघव चड्ढा पर सीधा निशाना साधा और उन्हें खुलेआम ‘गद्दार’ करार दिया। नेताओं के साथ-साथ पार्टी कार्यकर्ताओं में भी भारी रोष है। दल-बदल की इस खबर के बीच मुंबई में सांसद राघव चड्ढा के घर के बाहर आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जोरदार हंगामा करते हुए अपना कड़ा विरोध भी दर्ज कराया है।