MBD WEB NEWS

खौफनाक वारदात: सनकी पिता ने अपनी ही जुड़वा बेटियों का गला रेत की हत्या,जांच में जुटी पुलिस..

खौफनाक वारदात: सनकी पिता ने अपनी ही जुड़वा बेटियों का गला रेत की हत्या,जांच में जुटी पुलिस..

 

कानपुर : उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक पिता ही अपनी मासूम बच्चियों का काल बन गया। यहां एक दवा कारोबारी ने अपनी 11 साल की जुड़वा बेटियों की गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी। हैरानी की बात यह है कि जब इस खौफनाक हत्याकांड को अंजाम दिया जा रहा था, तब पत्नी और बेटा बगल के कमरे में ही सो रहे थे और उन्हें इसकी भनक तक नहीं लगी। पत्नी को इस अनहोनी का पता तब चला जब खुद पुलिस ने घर पहुंचकर उसे नींद से जगाया। करीब 13 साल पहले लव मैरिज करने वाले इस हंसते-खेलते परिवार में आखिर ऐसा क्या हुआ कि पिता ने अपनी ही बेटियों को मौत के घाट उतार दिया, यह जानकर त्रिमूर्ति अपार्टमेंट ही नहीं बल्कि हर कोई सन्न है।

रात के अंधेरे में हैवान बना पिता, तड़के खुद पुलिस को किया फोन

यह रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना नौबस्ता थाना क्षेत्र के किदवईनगर इलाके के त्रिमूर्ति अपार्टमेंट फेज-2 की है। आरोपी शशि रंजन मिश्रा अपनी पत्नी रेशमा छेत्री, बेटे और जुड़वा बेटियों (रिद्धी और सिद्धि) के साथ यहां पिछले आठ साल से किराए पर रह रहा था। दोनों बच्चियां कक्षा 5 की छात्राएं थीं। पुलिस के मुताबिक, रात करीब 2 से 2:30 बजे के बीच पिता ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया और फिर सुबह करीब 4:30 बजे खुद ही यूपी-112 पर फोन कर पुलिस को अपनी करतूत की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दूसरे कमरे में सो रही पत्नी को जगाया। पुलिस ने मौके से हत्या में इस्तेमाल किया गया एक स्टील का धारदार चापड़ भी बरामद कर लिया है।

लव मैरिज का खौफनाक अंत, घरेलू कलह में हत्या की आशंका

घटना की जानकारी मिलते ही पत्नी रेशमा के पैरों तले जमीन खिसक गई। बदहवास हालत में उसे कुछ नहीं सूझा तो उसने अपनी नौकरानी अमरावती को फोन कर तुरंत घर बुला लिया। आरोपी पिता ने पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूल कर लिया है और उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। डीसीपी साउथ दीपेंद्र चौधरी ने बताया कि पिता ने ही अपनी बेटियों की हत्या की है। शुरुआती जांच में इस भयानक कदम के पीछे घरेलू कलह की बात सामने आ रही है। फिलहाल फॉरेंसिक टीम ने मौके से सभी साक्ष्य जुटा लिए हैं और दोनों मासूमों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पुलिस इस खूनी खेल की असल वजह तलाशने की गहन जांच में जुट गई है।