MBD WEB NEWS

बलूच विद्रोहियों ने बना ली अपनी नौसेना, पहले ही हमले में 3 पाकिस्तानी सैनिकों को किया ढेर

बलूच विद्रोहियों ने बना ली अपनी नौसेना, पहले ही हमले में 3 पाकिस्तानी सैनिकों को किया ढेर

 

  
 

नई दिल्ली (उत्तम हिन्दू न्यूज): पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में लगातार हमले कर रही बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (BLA) ने एक ऐसा खौफनाक ऐलान किया है, जिसने पाकिस्तानी सेना और सरकार की नींद उड़ा दी है। विद्रोही संगठन बीएलए ने दावा किया है कि उसने अपनी खुद की एक ‘नौसेना’ (नेवी) तैयार कर ली है। इतना ही नहीं, संगठन ने कुछ वीडियो भी जारी किए हैं, जिनमें ग्वादर के एक इलाके में अपना पहला सफल मैरिटाइम (समुद्री) ऑपरेशन चलाने का सनसनीखेज दावा किया गया है। ‘द बलूचिस्तान पोस्ट’ में छपी एक रिपोर्ट के मुताबिक, विद्रोही संगठन ने अपनी इस नई नेवी का नाम ‘हम्माल मैरिटाइम डिफेंस फोर्स’ रखा है।

बलूचिस्तान की ‘राष्ट्रीय नेवी’ ने जिवानी इलाके में किया पहला स्ट्राइक

विद्रोही गुट बीएलए का कहना है कि उनकी यह नई फोर्स बलूचिस्तान की ‘राष्ट्रीय नेवी’ के तौर पर काम करेगी। इसका मुख्य मकसद बलूच लोगों के हितों की रक्षा करना और समुद्री क्षेत्र में दुश्मन (पाकिस्तानी सेना) की गतिविधियों पर लगाम लगाना है। बीएलए के प्रवक्ता जीयांद बलोच ने जानकारी देते हुए बताया कि उनकी नेवी ने सोमवार सुबह 10 बजे जिवानी इलाके में अपना पहला ऑपरेशन सफलतापूर्वक अंजाम दिया। इस खास ऑपरेशन को ‘मिल तियाब’ नाम दिया गया था।

पाकिस्तानी गश्ती जहाज पर बोला धावा, तीन सैनिक मारे जाने का दावा

बीएलए ने दावा किया है कि इस बड़े ऑपरेशन के दौरान उनकी नेवी ने पाकिस्तानी नौसेना के एक गश्ती जहाज को अपना निशाना बनाया, जो उस वक्त इलाके में पेट्रोलिंग कर रहा था। विद्रोही संगठन की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि इस भीषण स्ट्राइक में जहाज पर सवार पाकिस्तानी सेना के तीन सैनिक मारे गए हैं। बीएलए ने मारे गए सैनिकों के नाम भी सार्वजनिक किए हैं, जिनमें नायक अफजल, सिपाही जमील और सिपाही उमर शामिल हैं। संगठन का कहना है कि इस सफल ऑपरेशन को अंजाम देने के बाद उनके लड़ाके सुरक्षित अपने ठिकानों पर लौट आए हैं और उनके लिए यह एक बहुत बड़ी ऐतिहासिक कामयाबी है।

आगे भी जारी रहेंगे ऐसे खौफनाक हमले, बीएलए की खुली चेतावनी

पाकिस्तानी सेना पर इस बड़े हमले के बाद बीएलए ने खुली चेतावनी दी है कि भविष्य में भी समंदर में ऐसे ऑपरेशन लगातार जारी रहेंगे। गौरतलब है कि बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी पाकिस्तान की सरकार और सेना को एक ‘कब्जाधारी’ के रूप में देखती है। उनका स्पष्ट मानना है कि पाकिस्तान ने उनके प्रांत पर अवैध रूप से कब्जा जमाया हुआ है, जबकि बलूचिस्तान को एक स्वतंत्र और स्वायत्त देश होना चाहिए था। बता दें कि पिछले कुछ सालों में बीएलए ने पाकिस्तान में अपने हमलों को काफी तेज कर दिया है। कुछ समय पहले ही इन विद्रोहियों ने करीब 400 यात्रियों से भरी जाफर एक्सप्रेस ट्रेन को भी घंटों तक बंधक बनाकर भारी दहशत फैला दी थी।