कलयुगी राक्षस: बीच सड़क पर युवक को हथौड़े से मार कर उतार दिया मौत के घाट, फिर इंसान का खून पीकर खा गया भेजा; लोगों की रूह कांपी ..
दमोह : मध्य प्रदेश के दमोह जिले से एक ऐसी रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने पूरे देश को हिलाकर रख दिया है। इंसानियत की सारी हदें पार करते हुए एक सिरफिरे ने बीच सड़क पर न सिर्फ एक बेगुनाह युवक की बेरहमी से हत्या कर दी, बल्कि उसके बाद जो खौफनाक दरिंदगी की, उसे देखकर किसी के भी होश उड़ जाएंगे। इस रूह कंपा देने वाली घटना का खौफनाक वीडियो सामने आने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
बालकनी से खौफनाक मंजर देखते रहे लोग
यह दिल दहला देने वाली घटना देहात थाना क्षेत्र के समन्ना गांव की है। अर्थखेड़ा गांव का रहने वाला भरत विश्वकर्मा अपनी बहन से मिलने उसके घर बाइक से जा रहा था। वह जैसे ही अपनी बहन के घर के सामने पहुंचा, तभी एक अनजान शख्स ने अचानक उसके सिर पर हथौड़े से जोरदार वार कर दिया। भरत लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा, लेकिन हमलावर पर खून सवार था। उसने लोहे की रॉड से भरत पर कई जानलेवा वार किए। हैवानियत की हद तो तब पार हो गई, जब वह हत्यारा बीच सड़क पर मृतक युवक का मांस खाने और उसका खून पीने लगा। आस-पास के लोग अपनी बालकनियों से सहमे हुए यह भयानक मंजर देखते रहे और कुछ लोगों ने इस खौफनाक दरिंदगी को अपने मोबाइल कैमरों में कैद कर लिया।
पुलिस को भी पकड़ने में छूटे पसीने
खौफनाक वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची, लेकिन खून से सने इस हैवान को पकड़ने की किसी की हिम्मत नहीं हो रही थी। खून का प्यासा यह हत्यारा पुलिस और वहां मौजूद ग्रामीणों पर भी हमला करने पर उतारू था। काफी मशक्कत के बाद, लोगों ने उसे चारों तरफ से घेरा और तब जाकर पुलिस उसे अपनी गिरफ्त में ले सकी। इस पूरी जद्दोजहद का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
बिना किसी दुश्मनी के ले ली जान
गंभीर रूप से घायल भरत को तुरंत दमोह के जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस की शुरुआती जांच में यह चौंकाने वाली बात सामने आई है कि आरोपी और मृतक भरत के बीच पहले से कोई दुश्मनी या विवाद नहीं था। बताया जा रहा है कि आरोपी मानसिक रूप से विक्षिप्त (साइको) है और उसी सनक में उसने इस अकल्पनीय और वीभत्स हत्याकांड को अंजाम दिया है। पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है, लेकिन इस घटना के बाद समन्ना गांव और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है।









