गूगल CEO सुंदर पिचाई ने AIIMS के साथ की बड़ी साझेदारी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़े कई अहम विषयों पर प्रधानमंत्री मोदी से विस्तृत चर्चा
नई दिल्ली : गूगल और अल्फाबेट के सीईओ सुंदर पिचाई नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ (AI Impact Summit) में हिस्सा लेने भारत पहुंचे हैं। इस खास दौरे पर उन्होंने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की और तकनीकी क्षेत्र के साथ-साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़े कई अहम विषयों पर विस्तृत चर्चा की। इसके साथ ही, पिचाई ने भारत के सबसे बड़े और प्रतिष्ठित अस्पताल एम्स (AIIMS) के साथ एक ऐतिहासिक साझेदारी का भी ऐलान किया है, जो देश के स्वास्थ्य क्षेत्र में एक क्रांतिकारी कदम साबित हो सकता है।
AIIMS और गूगल की साझेदारी से स्वास्थ्य क्षेत्र में आएगी क्रांति
एआई इम्पैक्ट समिट में भाग लेने से पहले सुंदर पिचाई ने जानकारी दी कि गूगल और एम्स एक साथ मिलकर काम करने जा रहे हैं। इस बड़े करार का सीधा फायदा एम्स में इलाज कराने वाले लाखों मरीजों और उनका उपचार करने वाले डॉक्टरों दोनों को मिलेगा। उन्होंने बताया कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से मरीजों की मेडिकल रिपोर्ट बेहद सटीकता से तैयार की जा सकेगी, जो डॉक्टरों को असिस्ट करने में अहम भूमिका निभाएगी। हालांकि, पिचाई ने यह भी स्पष्ट किया कि यह प्रोजेक्ट अभी अपने शुरुआती चरण में है, लेकिन भविष्य में हर सेक्टर में इसके बड़े फायदे देखने को मिलेंगे।
शिक्षा, अस्पताल और सरकारी कामकाज को आसान बनाएगा AI
स्वास्थ्य क्षेत्र के अलावा गूगल के सीईओ ने शिक्षा और प्रशासन में एआई की भूमिका पर भी जोर दिया। उन्होंने बताया कि भविष्य में एआई की मदद से यह तय करना काफी आसान हो जाएगा कि छात्रों के लिए पढ़ाई का सबसे बेहतर तरीका क्या हो सकता है और अस्पतालों का सिस्टम किस तरह अधिक सुचारू रूप से काम कर सकता है। इतना ही नहीं, एआई के जरिए सरकार भी अपने कामकाज के तरीकों को उन्नत कर सकेगी ताकि आम जनता तक आसानी से मदद पहुंचाई जा सके। पिचाई ने कहा कि वे एक ऐसी तकनीक को बढ़ावा दे रहे हैं जो तेजी से नई चीजों को संभव बनाने की क्षमता रखती है।









