
जालंधर : मॉडल टाउन गुरुद्वारे के सामने दिन चढ़ते ही गुरुद्वारा साहिब में माथा टेकने आये आप नेता की गोलियां मारकर हत्या, जांच में जुटी पुलिस..
MBD NEWS (सुमेश शर्मा) पंजाब में आये दिन गोलीबारी की घटनाओं में हो रही बढ़ोतरी से जनता काफी डरी हुई महसूस कर रही है।आज जालंधर के मॉडल टाउन इलाके में स्थित एक गुरुद्वारे के बाहर शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब आम आदमी पार्टी से जुड़े एक नेता की गोलियां मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान सतविंदर सिंह उर्फ लक्की ओबेरॉय के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार लक्की ओबेरॉय रोज़ की तरह सुबह करीब 8:15 बजे गुरुद्वारे में माथा टेकने पहुंचे थे। जैसे ही वह गुरुद्वारे के बाहर निकले, पहले से घात लगाए हमलावर ने उन पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी। ताबड़तोड़ चली गोलियों से लक्की गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के तुरंत बाद उन्हें उपचार के लिए एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि हमलावर थार गाड़ी में सवार था और उसने लक्की पर करीब 7 से 8 राउंड फायर किए। इनमें से कई गोलियां उनकी छाती और सिर में लगी थीं।










