MBD WEB NEWS

बड़ा हादसा; 22 लोगों को ले जा रही नाव ब्रह्मपुत्र नदी में भंवर की चपेट में आकर डूबी, 6 लोग अब भी लापता

बड़ा हादसा; 22 लोगों को ले जा रही नाव ब्रह्मपुत्र नदी में भंवर की चपेट में आकर डूबी, 6 लोग अब भी लापता

असम के बारपेटा में 22 लोगों को ले जा रही नाव ब्रह्मपुत्र नदी में भंवर की चपेट में आकर डूब गई है। इस हादसे में 6 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं।

असम के बारपेटा जिले से नाव हादसे की एक दिल को दहला देने वाली खबर सामने आई है। मंगलवार को 22 लोगों को ले जा रही एक नाव ब्रह्मपुत्र नदी में डूब गई है। सामने आई जानकारी के मुताबिक, इस हादसे में 4 बच्चों समेत 6 लोगों के लापता होने की बात सामने आई है। ये नाव मशीन संचालित थी और यात्रा के दौरान ब्रह्मपुत्र नदी में कथित तौर पर भंवर की चपेट में आकर डूब गई। आइए जानते हैं पूरा मामला।

कहां हुआ हादसा?

बारपेटा में ब्रह्मपुत्र नदी में हुए हादसे को लेकर अधिकारियों ने जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस, SDRF और नागरिक प्रशासन ने स्थानीय लोगों की मदद से बचाव अभियान शुरू किया। दी गई जानकारी के अनुसार, ये हादसा उस वक्त हुआ जब नाव 22 लोगों को लेकर रहमपुर से बोरघुल चर (नदी के वनस्पति द्वीप) जा रही थी। आपको बता दें कि असम में चर इलाका नदियों, खासकर की ब्रह्मपुत्र में कटाव और जमाव के कारण बनने वाले अस्थाई रेतीले द्वीपों को कहा जाता है।

अधिकारी ने जानकारी दी है कि “जब नाव चल रही थी, तभी वह कथित तौर पर एक भंवर की चपेट में आ गई और डूब गई। अधिकांश लोगों को पास की एक नाव द्वारा बचा लिया गया।” चौधरी ने बताया कि छह लोग अब भी लापता हैं, जिनमें से चार बच्चे हैं। उन्होंने कहा, “स्थानीय लोगों ने हमें बताया कि नाव बिना किसी सुरक्षा उपाय के चल रही थी। किसी भी यात्री ने लाइफ जैकेट नहीं पहनी थी।”