लखनऊ : उत्तर प्रदेश में किसी भी तरह की आपात स्थिति, विशेषकर हवाई हमलों जैसी चुनौतियों से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए आज पूरे प्रदेश में एक साथ मॉक ड्रिल की जाएगी। इस दौरान शाम 6 बजे पूरा उत्तर प्रदेश अंधेरे में डूब जाएगा। राज्य सरकार के निर्देश पर सभी 75 जिलों में एक साथ ब्लैकआउट किया जाएगा और सायरन बजाकर सुरक्षा एजेंसियों के आपसी तालमेल और मुस्तैदी की जांच की जाएगी।
लखनऊ पुलिस लाइन में मौजूद रहेंगे मुख्यमंत्री
राजधानी लखनऊ की पुलिस लाइन में आयोजित होने वाले इस राज्य स्तरीय मुख्य अभ्यास कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद शामिल होंगे। सीएम योगी के साथ प्रमुख सचिव गृह, प्रमुख सचिव नगर विकास, प्रमुख सचिव स्वास्थ्य, डीजीपी, डीजी फायर और राहत आयुक्त समेत शासन के तमाम शीर्ष अधिकारी मौजूद रहेंगे। नागरिक सुरक्षा विभाग के नेतृत्व में होने वाले इस अभ्यास में सिविल डिफेंस, पुलिस, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, अग्निशमन और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी यह सुनिश्चित करेंगे कि आपातकाल में उनका रिस्पॉन्स टाइम और समन्वय कैसा रहता है।
10 मिनट तक छाया रहेगा अंधेरा
प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, निर्धारित कार्यक्रम के तहत शाम 6 बजे ठीक दो मिनट के लिए हवाई हमले की चेतावनी देने वाला सायरन तेज आवाज में पूरे प्रदेश में गूंजेगा। सायरन बजते ही बिजली आपूर्ति काट दी जाएगी और सभी जिलों में करीब 10 मिनट के लिए अंधेरा छा जाएगा। इस दौरान मॉक ड्रिल में शामिल सभी अधिकारी और कर्मचारी अलर्ट मोड पर आकर राहत और बचाव कार्यों का डमी अभ्यास करेंगे। इस संबंध में यूपीपीसीएल के प्रबंध निदेशक और राहत आयुक्त के साथ सभी जिलों के जिलाधिकारियों और पुलिस कप्तानों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
भारत-पाक तनाव के बाद दूसरा बड़ा अभ्यास
यह दूसरा मौका है जब उत्तर प्रदेश में इतने व्यापक स्तर पर पुलिस, बिजली विभाग और जिला प्रशासन मिलकर संयुक्त अभ्यास कर रहे हैं। इससे पहले साल 2025 में भारत और पाकिस्तान के बीच चल रहे तनाव को देखते हुए 7 मई को मॉक ड्रिल की गई थी। उस समय केंद्र सरकार ने एहतियातन देशभर के 244 जिलों में सिविल डिफेंस मॉक ड्रिल कराई थी, जिसमें यूपी के 19 संवेदनशील जिलों को शामिल किया गया था। पिछली बार के अनुभवों को देखते हुए इस बार युद्ध जैसे हालात में आम नागरिकों की सुरक्षा को और पुख्ता करने के लिए प्रदेश के सभी 75 जिलों को इस ड्रिल में शामिल किया गया है।









