MBD WEB NEWS

पंजाब भाजपा के अध्यक्ष सुनील जाखड़ की तबीयत बिगड़ने के फोर्टिस अस्पताल में करवाया गया भर्ती,जानें पूरी खबर..

पंजाब भाजपा के अध्यक्ष सुनील जाखड़ की तबीयत बिगड़ने के फोर्टिस अस्पताल में करवाया गया भर्ती,जानें पूरी खबर..

चंडीगढ़ : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ की तबीयत अचानक बिगड़ गई है, जिसके चलते उन्हें मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्वास्थ्य खराब होने की वजह से जाखड़ रविवार को पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया से प्रस्तावित मुलाकात नहीं कर सके।

जाखड़ की अगुवाई में मिलना था प्रतिनिधिमंडल

तय कार्यक्रम के अनुसार, रविवार को सुनील जाखड़ के नेतृत्व में ही भाजपा के एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल को राज्यपाल से मिलना था। लेकिन ऐन वक्त पर तबीयत बिगड़ने के कारण वे इस डेलिगेशन का हिस्सा नहीं बन पाए। पंजाब भाजपा के उपाध्यक्ष सुभाष शर्मा ने पुष्टि करते हुए बताया कि प्रदेश अध्यक्ष अस्वस्थ महसूस कर रहे थे, इसलिए वे इलाज के लिए अस्पताल गए हैं। वहीं, पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष अश्वनी शर्मा मलेरकोटला में आयोजित एक रैली में शामिल होने के लिए गए हुए थे, इसलिए वे भी इस बैठक में शामिल नहीं हो सके।

कानून व्यवस्था पर राज्यपाल से की शिकायत

जाखड़ की अनुपस्थिति में उपाध्यक्ष सुभाष शर्मा की अगुवाई में पार्टी की सीनियर लीडरशिप ने राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया से मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश की गिरती कानून व्यवस्था पर गहरी चिंता व्यक्त की। भाजपा नेताओं ने राज्यपाल से कहा कि पंजाब अब गैंगस्टरों का स्वर्ग बनता जा रहा है। डेलिगेशन ने मांग की है कि इस गंभीर मुद्दे पर राज्य के डीजीपी और गृह मंत्री को तलब (समन) कर उनसे जवाब मांगा जाए और स्थिति को सुधारने के लिए सख्त कदम उठाए जाएं।