अकाल तख्त के जत्थेदार से मुलाकात के बाद बोले CM मान मैंने हमेशा अकाल तख्त के आगे सिर झुकाया, कभी चुनौती नहीं दी…
CM भगवंत मान ने कहा, “मेरे विरोधियों द्वारा मेरी AI की मदद से एक नकली वीडियो बनाकर मेरी छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई. उस वीडियो को लेकर मैंने जत्थेदार जी के समक्ष अपना स्पष्टीकरण देते हुए दुनिया की किसी भी लैब में उस वीडियो की जांच करवाने की बात कही.”
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान आज गुरुवार को अमृतसर स्थित सिख धर्म के सर्वोच्च संस्थान अकाल तख्त साहिब के समक्ष हाजिर हुए. मुख्यमंत्री वहां करीब 45 मिनट तक रहे. बैठक के बाद उन्होंने मीडिया को बताया कि मैंने जत्थेदार को अपने बयानों को लेकर सफाई दे दी है. उन्होंने कहा, मैंने उनके सामने यह कहा कि सोशल मीडिया पर झूठी कहानी फैलाई जा रही है कि मैं अकाल तख्त को चुनौती दे रहा हूं. मैंने हमेशा अकाल तख्त के सामने सिर झुकाया है और मैं ऐसा कभी नहीं कर सकता.
मुख्यमंत्री मान ने कहा, “पिछले कई दिनों से कुछ शरारती तत्व सोशल मीडिया पर यह फैलाने की कोशिश कर रहे हैं कि मैं श्री अकाल तख्त साहिब को चुनौती दे रहा हूं. ना तो मुझमें इतनी हिम्मत है और ना ही इतनी हैसियत. मैं एक विनम्र सिख के रूप में उपस्थित हुआ हूं और एक सेवादार के रूप में अपना पक्ष रखा है. सिखों की लघु संसद और सर्वोच्च संस्थाओं के विरुद्ध जाने और ऐसा करने का मुझे कोई अधिकार नहीं है.”
उन्होंने कहा कि उन्होंने अपना पक्ष रख दिया है. जत्थेदार ने हमें बताया कि आपका जवाब हम तक पहुंच गया है. आगे जो भी होगा, आपको सूचित कर दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि जत्थेदार का जो भी फैसला होगा, वही अंतिम होगा.








