MBD WEB NEWS

बांग्लादेश में हिंदुओं को जिंदा जलाने की साजिश! घर में कैद कर लगाई आग, तस्लीमा ने यूनुस सरकार को लताड़ा

बांग्लादेश में हिंदुओं को जिंदा जलाने की साजिश! घर में कैद कर लगाई आग, तस्लीमा ने यूनुस सरकार को लताड़ा

ढाका : बांग्लादेश में सत्ता परिवर्तन के बाद भी अल्पसंख्यक हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। ताजा मामला पीरोजपुर जिले के डुमरिया गांव का है, जहां कट्टरपंथियों ने हिंदुओं के घरों को निशाना बनाते हुए आगजनी की। आरोप है कि हमलावरों ने एक पीड़ित को घर के अंदर बंद कर जिंदा जलाने की भी कोशिश की।

कपड़े डालकर भड़काई आग, सब कुछ जलकर खाक

स्थानीय रिपोर्ट्स और न्यूज18 के मुताबिक, यह घटना 27 दिसंबर की है। हमलावरों ने कथित तौर पर एक कमरे में कपड़े डालकर आग लगा दी, जो देखते ही देखते पूरे घर में फैल गई। बताया जा रहा है कि यह मकान साहा परिवार (पलाश कांति साहा, शिव साहा, दीपक साहा, श्यामलेंदु साहा और अशोक साहा) का था।

आगजनी की इस घटना में घर में रखा फर्नीचर, नकदी, जमीन के दस्तावेज और शैक्षणिक प्रमाण पत्र समेत सब कुछ जलकर राख हो गया। इससे एक दिन पहले पश्चिम डुमरियातला गांव में भी दो परिवारों के पांच घरों को जला दिया गया था।

‘जिहादी हिंदुओं को सोते हुए जलाना चाहते हैं’

इस बर्बर घटना पर बांग्लादेशी लेखिका तस्लीमा नसरीन ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर उन्होंने लिखा, “पीरोजपुर के दुमरितोला गांव में साहा परिवार के घर के पांच कमरे हिंदू-विरोधी जिहादियों ने जला दिए। यह आग तब लगाई गई जब सभी सो रहे थे।”

तस्लीमा ने बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद यूनुस पर निशाना साधते हुए पूछा, “क्या देश के बाकी सभी हिंदू घरों को भी इसी तरह जला दिया जाएगा? वे हिंदुओं को जिंदा जलाना चाहते हैं, इसलिए सोते समय आग लगाते हैं। क्या यूनुस सिर्फ बांसुरी बजा रहे हैं?”