क्या आपकी फ्री बस यात्रा पर लगने वाला है ब्रेक? दिल्ली में बदल गए नियम..
नई दिल्ली : दिल्ली में महिलाओं के लिए डीटीसी और क्लस्टर बसों में मुफ्त सफर की योजना में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। दिल्ली सरकार जल्द ही मौजूदा ‘पिंक टिकट’ व्यवस्था को बंद कर उसकी जगह ‘पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड’ लॉन्च करने की तैयारी में है। नए साल से शुरू होने वाली इस नई व्यवस्था के तहत 12 साल या उससे अधिक उम्र की महिलाएं इस कार्ड के जरिए ही मुफ्त यात्रा कर सकेंगी। हालांकि, नियमों में हुए इस बदलाव के चलते हजारों ऐसी महिलाएं मुफ्त सफर के दायरे से बाहर हो जाएंगी, जो अब तक इस सुविधा का लाभ उठा रही थीं।
सिर्फ दिल्ली की निवासी महिलाओं को ही मिलेगा लाभ
परिवहन विभाग के सूत्रों के अनुसार, स्मार्ट कार्ड जारी करने की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं और जल्द ही इसके लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, इस कार्ड के आवेदन के लिए आधार कार्ड को अनिवार्य किया गया है। इसका सीधा मतलब यह है कि यह कार्ड केवल उन महिलाओं को जारी किया जाएगा जो दिल्ली की स्थायी निवासी हैं और जिनके पास दिल्ली के पते वाला आधार कार्ड है। लिहाजा, अब दिल्ली से बाहर रहने वाली महिलाएं इस योजना के लिए पात्र नहीं मानी जाएंगी।
नोएडा-गुरुग्राम की महिलाओं से छिनी सुविधा
इस नए नियम का सबसे बड़ा असर उन कामकाजी महिलाओं पर पड़ेगा जो नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद जैसे एनसीआर के शहरों में रहती हैं, लेकिन काम के सिलसिले में दिल्ली आती-जाती हैं। मौजूदा पिंक टिकट व्यवस्था में कंडक्टर महिलाओं से कोई पहचान पत्र नहीं मांगते थे, जिससे एनसीआर की महिलाएं भी दिल्ली की बसों में मुफ्त सफर कर लेती थीं। लेकिन नई व्यवस्था लागू होने के बाद, दिल्ली का निवासी न होने के कारण इन महिलाओं को अब बस में सफर करने के लिए टिकट खरीदना होगा।
कार्ड नहीं तो फ्री सफर नहीं
विभाग ने यह भी स्पष्ट कर दिया है कि मुफ्त यात्रा की सुविधा पाने के लिए यात्रा के दौरान ‘पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड’ का पास होना अनिवार्य होगा। बस में चढ़ने पर महिलाओं को यह कार्ड कंडक्टर को देना होगा, जो इसे इलेक्ट्रॉनिक टिकटिंग मशीन पर टैप करेगा। यदि किसी महिला ने कार्ड बनवा लिया है, लेकिन यात्रा के वक्त वह कार्ड घर भूल गई है या उसके पास मौजूद नहीं है, तो उसे मुफ्त सफर की अनुमति नहीं दी जाएगी। ऐसी स्थिति में उन्हें सामान्य यात्रियों की तरह पूरा किराया देकर टिकट लेना होगा।









