पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया को जान से मारने की धमकी मिली..
चंडीगढ़ : पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया को इंटरनेट मीडिया पर धमकी दिए जाने का मामला सामने आया है। हालांकि इस संबंध में राज्यपाल की ओर से अभी तक कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। साथ ही उन्होंने इस मामले पर किसी भी प्रकार की टिप्पणी करने से इनकार किया है। क्षत्रिय करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष राज शेखावत के नाम से सोशल मीडिया पर एक पोस्ट सामने आई, जिसमें राज्यपाल कटारिया के खिलाफ आपत्तिजनक और हिंसक भाषा का प्रयोग किया गया। पोस्ट में लिखा गया है— *“सुन रे गुलाबचंद, तेरी औकात में रह… करणी सैनिकों, मारो रे इसे जब और जहां मिलें।”*फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल ने बताया कि मामला पुलिस के संज्ञान में है और सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि उक्त पोस्ट किस अकाउंट से और किन परिस्थितियों में की गई। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इसके पीछे किसी साजिश या कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने की मंशा तो नहीं है।
उल्लेखनीय है कि 22 दिसंबर को गोगुंदा में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया ने महाराणा प्रताप और उनके शासनकाल को लेकर एक बयान दिया था, जिसे लेकर विवाद उत्पन्न हो गया था।








