अनिल विज के काफिले के बीच घुसकर सीधे मंत्री की कार को मारी टक्कर,जानें पूरी खबर..
अंबाला- हरियाणा के परिवहन एवं बिजली मंत्री अनिल विज रविवार को एक बड़े हादसे से बाल-बाल बच गए। पड़ाव क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक वाहन ने उनके सुरक्षा काफिले का घेरा तोड़ते हुए सीधे मंत्री की कार को जोरदार टक्कर मार दी।
जानकारी के अनुसार, मंत्री अनिल विज के वाहन के आगे और पीछे सुरक्षा काफिले की गाड़ियां चल रही थीं। इसी दौरान अचानक एक काले रंग की कार तेज रफ्तार में काफिले के बीच घुस आई और मंत्री की गाड़ी से टकरा गई। टक्कर इतनी अचानक थी कि कुछ देर के लिए मौके पर हड़कंप मच गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में मंत्री अनिल विज को कोई चोट नहीं आई और वह पूरी तरह सुरक्षित हैं। टक्कर होते ही काफिले में तैनात पुलिसकर्मी और कमांडो तुरंत सतर्क हो गए और संदिग्ध वाहन को चारों ओर से घेर लिया गया।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि कार चालक हरियाणा पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) का एक कर्मी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पड़ाव थाना पुलिस ने घटना के संबंध में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह टक्कर लापरवाही का नतीजा थी या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी। घटना के बाद मंत्री की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी समीक्षा की जा रही है।









