जालंधर के कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद परेशान पैरेंट्स बच्चों को लेने स्कूल की तरफ दौड़े ; पूरे शहर में फैली सनसनी
जालंधर : पंजाब के अमृतसर के बाद अब जालंधर में भी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से पूरे शहर में सनसनी फैल गई है। सोमवार को शहर के प्रतिष्ठित सेंट जोसेफ और आईवी वर्ल्ड स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी मिली, जिसके बाद स्कूल प्रशासन और अभिभावकों में हड़कंप मच गया। जैसे ही यह खबर अभिभावकों तक पहुंची, वे बदहवास हालत में अपने बच्चों की सलामती के लिए कामकाज छोड़कर स्कूलों की तरफ दौड़ पड़े। स्कूलों के बाहर भारी भीड़ और अफरा-तफरी का माहौल बन गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दहशत का यह सिलसिला केएमवी (KMV) स्कूल से शुरू हुआ। सबसे पहले केएमवी स्कूल की प्रिंसिपल को एक थ्रेट कॉल आया, जिसमें संस्थान को बम से उड़ाने की धमकी दी गई। इस फोन कॉल ने कॉलेज प्रशासन की नींद उड़ा दी। आनन-फानन में सुरक्षा को देखते हुए कॉलेज परिसर को खाली करवाने की प्रक्रिया शुरू की गई और पुलिस को सूचित किया गया। सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंच गया और गहन तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है।
सेंट जोसेफ और आईवी वर्ल्ड स्कूल में भी इसी तरह की धमकी की सूचना के बाद स्कूल प्रबंधन ने तुरंत अभिभावकों को फोन कर स्थिति की जानकारी दी। हालांकि, जालंधर पुलिस ने अभी तक किसी भी स्कूल में बम मिलने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन एहतियात के तौर पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस साइबर सेल की मदद से यह ट्रेस करने की कोशिश कर रही है कि ये कॉल्स कहां से आई थीं। गौरतलब है कि इससे पहले अमृतसर के स्कूलों को भी इसी तरह के धमकी भरे ईमेल और कॉल आए थे, जो बाद में अफवाह निकले थे, लेकिन पुलिस इस मामले में कोई कोताही नहीं बरतना चाहती।











