MBD WEB NEWS

बड़े हादसे का शिकार हुआ रूस रक्षा मंत्रालय का An-22 विमान क्रैश, चालक दल के 7 सदस्य थे सवार

 

मास्को : रूस के इवानोवो क्षेत्र से एक बड़ी विमान दुर्घटना की खबर सामने आई है। यहां रूसी रक्षा मंत्रालय का एक विशालकाय An-22 सैन्य परिवहन विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। यह हादसा मॉस्को से करीब 321 किलोमीटर दूर उत्तर-पूर्व में स्थित फुरमानोव्स्की जिले में हुआ। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हादसे के वक्त विमान में चालक दल के 7 सदस्य सवार थे। दुर्घटना की सूचना मिलते ही इमरजेंसी सर्विस की टीम को मौके पर भेज दिया गया है और रेस्क्यू ऑपरेशन युद्धस्तर पर जारी है। हालांकि, अभी तक क्रू मेंबर्स की स्थिति और हादसे की असली वजह के बारे में कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है।

दुर्घटनाग्रस्त हुआ An-22 कोई साधारण विमान नहीं, बल्कि दुनिया का सबसे बड़ा टर्बोप्रॉप विमान माना जाता है। इसे 1960 के दशक में कीव स्थित एंतोनोव एरोनॉटिकल साइंटिफिक एंड टेक्निकल कॉम्प्लेक्स ने तैयार किया था। अपनी मजबूती के लिए मशहूर यह विमान कच्चे रनवे से भी आसानी से उड़ान भरने में सक्षम है। इसकी क्षमता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि यह एक बार में 60 टन माल, 290 सैनिक या 150 पैरा-ट्रूपर्स को ले जा सकता है। 650 से 760 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उड़ने वाले इस विमान का इस्तेमाल अक्सर भारी सैन्य साजो-सामान और कार्गो को दूर-दराज के इलाकों में पहुंचाने के लिए किया जाता रहा है। 1965 से 1976 के बीच ऐसे कुल 66 विमान बनाए गए थे।

रूस में हाल के दिनों में विमान हादसों का सिलसिला बढ़ा है। इससे पहले 4 सितंबर को रियाजान क्षेत्र के अलेक्जेंडर नेवस्की जिले में एक हल्का विमान X-32 बेकास दुर्घटनाग्रस्त हुआ था, जिसमें पायलट की मौत हो गई थी। वहीं, बीते महीने नवंबर 2025 में भी रूसी वायुसेना को बड़ा झटका लगा था जब करेलिया में एक Su-30 लड़ाकू विमान क्रैश हो गया था। उस हादसे में दो पायलटों की जान चली गई थी। ताजी घटना ने एक बार फिर रूसी सैन्य विमानों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।