मदीना से आ रही फ्लाइट की अहमदाबाद में इमरजेंसी लैंडिंग,विमान में बम होने की सूचना मिली, संदिग्ध यात्री हिरासत में
अहमदाबाद : मदीना से हैदराबाद (Madinah to Hyderabad) जा रही इंडिगो की फ्लाइट में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब विमान में बम होने की सूचना मिली। सुरक्षा को देखते हुए विमान की तत्काल अहमदाबाद एयरपोर्ट (Ahmedabad Airport) पर आपातकालीन लैंडिंग कराई गई है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, उड़ान के दौरान एक यात्री की गतिविधियां बेहद संदिग्ध पाई गईं, जिसके बाद बम होने की आशंका जताई गई। क्रू और पायलट ने यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विमान को अहमदाबाद डायवर्ट करने का फैसला किया।
विमान के लैंड होते ही स्थानीय पुलिस और सुरक्षाबलों ने रनवे पर ही उसे घेर लिया। सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। इसके बाद बम निरोधक दस्ते और सुरक्षा एजेंसियों ने विमान की गहन तलाशी शुरू कर दी।
डीसीपी जोन 4 अतुल बंसल ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि संदिग्ध गतिविधियों वाले यात्री को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। फिलहाल विमान की जांच जारी है और सुरक्षा एजेंसियां यह सुनिश्चित करने में जुटी हैं कि विमान में कोई विस्फोटक सामग्री तो नहीं है।









