MBD WEB NEWS

देश भर में ठप हुआ Air India का सर्वर , दिल्ली एयरपोर्ट पर अफरातफरी, यात्री बेहाल; मैनुअल हो रहा चेक-इन

देश भर में ठप हुआ Air India का सर्वर , दिल्ली एयरपोर्ट पर अफरातफरी, यात्री बेहाल; मैनुअल हो रहा चेक-इन..

 

नई दिल्ली : देश की प्रमुख एयरलाइन एअर इंडिया का सर्वर बुधवार को अचानक ठप हो गया, जिससे देश के कई प्रमुख हवाई अड्डों पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस तकनीकी खराबी का सबसे ज्यादा असर राजधानी दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (IGI) पर देखने को मिला, जहां यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

दिल्ली एयरपोर्ट के टर्मिनल-2 (T-2) पर बोर्डिंग काउंटरों पर यात्रियों की मीलों लंबी कतारें देखी गईं। एयरपोर्ट पर मौजूद यात्रियों ने बताया कि यह समस्या दोपहर करीब 3 बजे से शुरू हुई, जिसके बाद से ही यात्री परेशान होकर इधर-उधर भटकते नजर आए।

मैनुअल चेक-इन से बढ़ी मुसीबत
हवाई अड्डे पर मौजूद एअर इंडिया के एक कर्मचारी के मुताबिक, सॉफ्टवेयर काम नहीं कर रहा है, जिसके कारण लगेज ड्रॉप (Luggage Drop) प्रक्रिया पूरी तरह बाधित हो गई है। सर्वर ठप होने के कारण एयरलाइन को मजबूरन तिरुवनंतपुरम और पटना जैसी जगहों की उड़ानों के लिए मैनुअल तरीके से चेक-इन शुरू करना पड़ा।

मैनुअल चेक-इन प्रक्रिया बेहद धीमी होने के कारण यात्रियों की परेशानी और भी बढ़ गई। कई यात्रियों ने एयरलाइन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि सर्वर की समस्या को लेकर उन्हें कंपनी की ओर से न तो कोई मैसेज मिला और न ही कोई ई-मेल। इस दौरान कई विमानों के समय में भी अचानक बदलाव किया गया, जिससे लोगों को एयरपोर्ट पर अतिरिक्त समय तक इंतजार करना पड़ा।

दिल्ली एयरपोर्ट पर एक अधिकारी ने सर्वर डाउन होने की पुष्टि करते हुए बताया कि यह समस्या देश के सभी हवाई अड्डों पर आई है और इसे जल्द से जल्द ठीक करने के प्रयास जारी हैं।

इस बीच, दिल्ली में अन्य एयरलाइन के यात्रियों को भी विमानों के आगमन और प्रस्थान में देरी का सामना करना पड़ रहा है। इंडिगो एयरलाइन ने ‘एयर ट्रैफिक’ (Air Traffic Congestion) को लेकर एक अलग से एडवाइजरी जारी की है। इंडिगो ने कहा कि हवाई यातायात की भीड़ के कारण दिल्ली से उड़ान संचालन प्रभावित हो सकता है, जिससे यात्रियों को देरी और प्रतीक्षा समय बढ़ने का सामना करना पड़ सकता है।