MBD WEB NEWS

दिल्ली से बेंगलुरु जा रही फ्लाइट में आई तकनीकी खराबी से मचा हड़कंप, बीच रास्ते बदला गया रूट; भोपाल में करानी पड़ी इमरजेंसी लैंडिंग- जानें वजह

दिल्ली से बेंगलुरु जा रही फ्लाइट में आई तकनीकी खराबी से मचा हड़कंप, बीच रास्ते बदला गया रूट; भोपाल में करानी पड़ी इमरजेंसी लैंडिंग- जानें वजह

 

नई दिल्ली : एयर इंडिया की दो अलग-अलग फ्लाइट्स में अचानक आई तकनीकी खराबी के कारण यात्रियों को तनावपूर्ण पलों का सामना करना पड़ा। हालांकि, एयरलाइन क्रू की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई ने दोनों उड़ानों को सुरक्षित उतार लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

एक फ्लाइट (AI2487) जो दिल्ली से बेंगलुरु जा रही थी, उसे भोपाल की तरफ मोड़ना पड़ा, जबकि सैन फ्रांसिस्को से दिल्ली आने वाली दूसरी फ्लाइट (AI174) को मंगोलिया के उलानबातार में लैंड कराना पड़ा।

दिल्ली-बेंगलुरु फ्लाइट भोपाल में उतरी
कल (सोमवार) शाम दिल्ली से बेंगलुरु के लिए उड़ान भर रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI2487 में क्रू को अचानक एक संदिग्ध तकनीकी समस्या का पता चला। पायलट ने कोई जोखिम न लेते हुए तत्काल फ्लाइट को नजदीकी एयरपोर्ट, भोपाल की तरफ डायवर्ट करने का फैसला किया।

शाम करीब साढ़े छह बजे विमान ने भोपाल एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की। इस फ्लाइट में 150 से ज्यादा यात्री सवार थे और सभी सुरक्षित हैं।

एयरलाइन के प्रवक्ता ने एक बयान में कहा, “विमान की जांच चल रही है, जिसमें वक्त लगेगा। हम यात्रियों को भोजन-पानी उपलब्ध करा रहे हैं और उन्हें उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए जल्द ही दूसरी फ्लाइट का इंतजाम किया जाएगा।” एयर इंडिया ने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए माफी मांगते हुए कहा कि यात्रियों की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

सैन फ्रांसिस्को-दिल्ली फ्लाइट मंगोलिया पहुंची
इससे पहले, 2 नवंबर को भी ऐसी ही एक घटना घटी। सैन फ्रांसिस्को (अमेरिका) से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI174 में भी तकनीकी दिक्कत आई। क्रू ने बिना कोई रिस्क लिए विमान को मंगोलिया की राजधानी उलानबातार में सुरक्षित लैंड करा लिया।

विमान के उतरते ही सभी यात्रियों को बाहर निकाला गया। एयर इंडिया ने यात्रियों के लिए होटल बुक किए, भोजन की व्यवस्था की और उनकी इमिग्रेशन प्रक्रिया को पूरा करवाया। एयरलाइन ने ‘X’ (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट कर जानकारी दी, “सुरक्षा के लिए यह डायवर्शन जरूरी था। असुविधा के लिए खेद है।” अब यात्रियों को एक वैकल्पिक फ्लाइट से दिल्ली भेजा जाएगा।

दोनों मामलों में यात्रियों ने बताया कि क्रू ने स्थिति को बखूबी संभाला और शांति बनाए रखी, जिससे यात्रियों में पैनिक नहीं फैला। एयर इंडिया का कहना है कि दोनों विमानों की गहन जांच की जा रही है।