भारत-पाक मैच से पहले दर्शकों के लिए जारी हुई सख्त गाइडलाइन्स , जान लें ये नियम, नहीं तो चुकानी पड़ सकती है बड़ी कीमत
दुबई : एशिया कप 2025 के ऐतिहासिक फाइनल मुकाबले के लिए मंच तैयार हो चुका है, जहां दुबई के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आज भारत और पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने होंगी. इस बहुप्रतीक्षित मुकाबले को लेकर प्रशंसकों का उत्साह चरम पर है और मैच के सभी टिकट पहले ही बिक चुके हैं. फाइनल को लेकर जबरदस्त गहमागहमी के बीच, दुबई पुलिस ने दर्शकों के लिए एक विस्तृत एडवाइजरी जारी की है, जिसमें कई तरह की पाबंदियों का ऐलान किया गया है. नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भारी जुर्माना और जेल की सजा की भी चेतावनी दी गई है.
मैच से तीन घंटे पहले पहुंचना होगा स्टेडियम
दुबई पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार, मैच देखने आने वाले सभी प्रशंसकों को सलाह दी गई है कि वे किसी भी तरह की असुविधा से बचने के लिए मैच शुरू होने के निर्धारित समय (भारतीय समयानुसार रात 8 बजे) से कम से कम तीन घंटे पहले स्टेडियम पहुंच जाएं. एडवाइजरी में स्पष्ट किया गया है कि एक टिकट पर केवल एक ही व्यक्ति को प्रवेश की अनुमति होगी और मैच के दौरान स्टेडियम से बाहर जाने पर दोबारा एंट्री नहीं मिलेगी.
इन चीजों पर रहेगा प्रतिबंध
मैच के दौरान सुरक्षा और सुव्यवस्था बनाए रखने के लिए, दुबई पुलिस ने प्रतिबंधित वस्तुओं की एक विस्तृत सूची जारी की है, जिनका स्टेडियम के अंदर ले जाना पूरी तरह से वर्जित है। आधिकारिक वेबसाइट पर भी उपलब्ध इस सूची के अनुसार, प्रशंसक अपने साथ किसी भी तरह के पटाखे, फ्लेयर्स, लेजर पॉइंटर्स या अन्य ज्वलनशील और खतरनाक सामग्री नहीं ला सकेंगे।
इसके अतिरिक्त, सुरक्षा के मद्देनजर नुकीली वस्तुओं, किसी भी प्रकार के हथियार, जहरीले पदार्थ और रिमोट से नियंत्रित होने वाले उपकरणों पर भी पूर्ण प्रतिबंध है। दर्शकों को बड़े छाते, कैमरा ट्राइपॉड, सेल्फी स्टिक जैसे फोटोग्राफी उपकरण और आयोजकों द्वारा गैर-अनुमोदित बैनर या झंडे लाने की भी अनुमति नहीं होगी। साथ ही, स्टेडियम परिसर में पालतू जानवर, साइकिल, स्केटबोर्ड, स्कूटर और कांच से बनी वस्तुएं ले जाना भी सख्त मना है।
नियम तोड़ने पर भारी जुर्माना और जेल
दुबई पुलिस ने चेतावनी दी है कि यदि कोई भी व्यक्ति प्रतिबंधित वस्तुओं के साथ पकड़ा जाता है, तो उस पर 1.2 लाख रुपये से लेकर 7.24 लाख रुपये तक का भारी जुर्माना लगाया जा सकता है। इसके साथ ही, दोषी पाए जाने पर तीन महीने तक की जेल की सजा का भी प्रावधान है।
इसके अलावा, जो प्रशंसक स्टेडियम का माहौल खराब करने या किसी भी तरह की अनुशासनहीनता में लिप्त पाए जाएंगे, उन पर 2.41 लाख रुपये से लेकर 7.24 लाख रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है। इस महामुकाबले के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और स्टेडियम के चप्पे-चप्पे पर स्पेशल फोर्स की तैनाती की जा रही है, ताकि यह ऐतिहासिक मैच बिना किसी बाधा के संपन्न हो सके।









