दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार टेंपो ने बाइक को रौंदा…
लुधियाना : जिले के जोधां इलाके में शनिवार को एक तेज रफ्तार टेंपो ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान दो बच्चों के पिता अमनप्रीत सिंह के रूप में हुई है। हादसे के बाद आरोपी टेंपो चालक मौके से फरार हो गया।
थाना जोधां के एएसआई काबल सिंह ने बताया कि मृतक के साले राहुल कौडा ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। राहुल के अनुसार, उसके जीजा अमनप्रीत सिंह अपने एक दोस्त के साथ बाइक पर लुधियाना से आ रहे थे और वह खुद दूसरी बाइक पर उनके पीछे चल रहा था।
जब वे जोधां बाजार में पीएनबी बैंक के पास पहुंचे, तो सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार टेंपो ने लापरवाही से चलाते हुए सीधे अमनप्रीत की बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अमनप्रीत और उनका दोस्त उछलकर सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
आसपास के लोगों की मदद से दोनों घायलों को लुधियाना के डीएमसी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान अमनप्रीत सिंह ने दम तोड़ दिया। उनके दोस्त की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है।
पुलिस ने आरोपी टेंपो चालक की पहचान उत्तर प्रदेश के उजाला टला निवासी आशीष कुमार के रूप में की है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है और फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।











