उद्धव ठाकरे की शिवसेना को बड़ा झटका, पूर्व मंत्री बबनराव घोलप समेत कई नेता बीजेपी में हुए शामिल
नासिक में उद्धव ठाकरे की शिवसेना (UBT) को बड़ा झटका लगा है. वरिष्ठ नेता बबनराव घोलप और सुधाकर बडगुजर सहित कई नेताओं ने बीजेपी का दामन थामा है. यह घटनाक्रम आगामी चुनावों से पहले बीजेपी को मजबूती प्रदान करेगा जबकि शिवसेना (UBT) के लिए चिंता का विषय है. बडगुजर, संजय राउत के करीबी माने जाते थे, उनके जाने से पार्टी को गहरा नुकसान हुआ है. यह राजनीतिक समीकरणों में महत्वपूर्ण बदलाव ला सकता है.
महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे की शिवसेना के नेता बबनराव घोलप बीजेपी में शामिल हो गए हैं
महाराष्ट्र की राजनीति में एक बड़ा उलटफेर देखने को मिला है, जहां उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (UBT) को नासिक में बड़ा झटका लगा है. पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री बबनराव घोलप ने बीजेपी का दामन थाम लिया है. मंगलवार को नासिक स्थित भाजपा के प्रदेश कार्यालय में आयोजित एक विशेष समारोह में घोलप ने बीजेपी की सदस्यता ग्रहण की. इस मौके पर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले, मंत्री रविंद्र चव्हाण और कैबिनेट मंत्री गिरीश महाजन मौजूद रहे.









